भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में किआ लगातार अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है। कंपनी अब प्रीमियम एसयूवी सेगमेंट में अपनी नई पेशकश Kia Sorento को भारतीय बाजार में उतारने की तैयारी पूरी कर चुकी है। कंपनी की ओर से लॉन्च से पहले ही इस एसयूवी से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ चुकी हैं। ऐसे में इसके डिजाइन, फीचर्स, इंजन और संभावित कीमत पर सभी की नजर बनी हुई है।
आकर्षक डिजाइन के साथ आएगी Sorento
नई Kia Sorento को प्रीमियम और आधुनिक लुक दिया गया है। एसयूवी के एक्सटीरियर में एलईडी लाइटिंग सेटअप, एलईडी डीआरएल, एलईडी फॉग लैंप और रूफ रेल जैसे एलिमेंट्स देखने को मिलेंगे। इसके डिजाइन को इस तरह तैयार किया गया है कि यह सड़क पर एक मजबूत और प्रीमियम एसयूवी की पहचान देती है।
फीचर्स में मिलेगी आधुनिक तकनीक
फीचर्स के मामले में भी Sorento को काफी आधुनिक बनाया गया है। एसयूवी में करीब 30 इंच का कर्व्ड डिस्प्ले सेटअप दिया गया है, जिसमें 12.3 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम और 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर शामिल है। इसके अलावा इसमें AI आधारित तकनीक, Android Auto और Apple CarPlay, ADAS, क्रूज कंट्रोल, एंबिएंट लाइटिंग, पैनोरमिक सनरूफ और डिजिटल एसी कंट्रोल पैनल जैसे फीचर्स मिलेंगे। केबिन में ड्यूल-टोन इंटीरियर, सॉफ्ट-टच डैशबोर्ड और फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स दी जाएंगी। SUV में वायरलेस चार्जिंग, रोटरी डायल, पुश-बटन स्टार्ट और 360-डिग्री कैमरा जैसे सुविधाजनक फीचर्स भी मिलेंगे। कुल मिलाकर कंपनी ने इसे तकनीक और प्रीमियम सुविधाओं से लैस करने की कोशिश की है।
हाइब्रिड और डीजल इंजन का विकल्प
पावरट्रेन की बात करें तो Kia Sorento को अलग-अलग इंजन विकल्पों के साथ बाजार में पेश किए जाने की उम्मीद है। इसमें 1.6 लीटर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन दिया जा सकता है। इसके साथ टर्बो-डीजल इंजन का विकल्प भी मिलने की संभावना है। ट्रांसमिशन के तौर पर ग्राहकों को ऑटोमैटिक के साथ मैनुअल गियरबॉक्स का विकल्प भी मिल सकता है। खास बात यह है कि Sorento किआ की ओर से पेश की जाने वाली पहली ऑल-व्हील-ड्राइव हाइब्रिड एसयूवी हो सकती है।
करीब 40 लाख रुपये हो सकती है शुरुआती कीमत
Kia ने अभी लॉन्च के समय आधिकारिक कीमत की घोषणा नहीं की है। हालांकि, बाजार में चल रही उम्मीदों के मुताबिक नई Sorento की एक्स-शोरूम कीमत करीब 40 लाख रुपये से शुरू हो सकती है। वास्तविक कीमत का खुलासा कंपनी लॉन्च के दौरान करेगी।
ये भी पढ़ें- भारत में बदलने वाला है कार सेफ्टी का पूरा पैमाना... इस साल से लागू होगा Bharat NCAP 2.0
Fortuner से होगा मुकाबला
भारतीय बाजार में Kia Sorento की सीधी टक्कर प्रीमियम एसयूवी सेगमेंट की मौजूदा गाड़ियों से होने की उम्मीद है। इसमें Toyota Fortuner जैसी लोकप्रिय एसयूवी प्रमुख प्रतिद्वंद्वी हो सकती है। Sorento की कीमत, फीचर्स और हाइब्रिड पावरट्रेन इसे इस सेगमेंट में एक अलग विकल्प बना सकते हैं।