E20 Petrol Latest News: देश में E20 पेट्रोल को लेकर वाहन चालकों की बढ़ती चिंताओं के बीच केंद्र सरकार अब एक नए विकल्प पर विचार कर रही है। सरकार इस बात की संभावना तलाश रही है कि क्या XP95, Speed और Power95 जैसे प्रीमियम पेट्रोल ब्रांड को E10 फॉर्मूलेशन के साथ बाजार में उतारा जा सकता है।

अगर ऐसा होता है तो उन लोगों को राहत मिल सकती है जो E20 पेट्रोल की वजह से माइलेज और पुराने वाहनों के इंजन को लेकर चिंता जता रहे हैं। खास बात यह है कि इसके लिए अलग से E10 स्टोरेज और डिस्पेंसिंग सिस्टम तैयार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

E20 और E10 पेट्रोल में क्या अंतर है?

E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाया जाता है, जबकि E10 पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा 10 प्रतिशत होती है। भारत में एथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर साल 2001 में हुई थी।इसके बाद E5 फ्यूल को 2006 में लाया गया और पिछले कुछ वर्षों में पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने की प्रक्रिया लगातार बढ़ाई गई है।

E20 को लेकर क्यों उठ रहे सवाल?

सरकार की ओर से लगातार कहा गया है कि E20 पेट्रोल सुरक्षित है, लेकिन कई वाहन मालिक पुराने वाहनों की परफॉर्मेंस और माइलेज को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं।कई लोगों का कहना है कि E20 इस्तेमाल करने के बाद उनकी गाड़ियों का माइलेज कम हुआ है और सर्विस की जरूरत पहले से ज्यादा महसूस हो रही है। इसी वजह से पुराने वाहनों के लिए E10 पेट्रोल वापस लाने की मांग भी तेज हुई है।

E10 पेट्रोल की वापसी पर चल रहा विचार

सूत्रों के मुताबिक, पेट्रोलियम मंत्रालय इस मुद्दे पर सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम से बातचीत कर रहा है।फिलहाल यह चर्चा शुरुआती चरण में है और अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। सरकार यह भी जांच रही है कि ऑक्टेन 95 पेट्रोल को E10 फॉर्मूलेशन के साथ बेचना कितना व्यावहारिक होगा।

प्रीमियम E10 पेट्रोल बन सकता है विकल्प

अगर योजना लागू होती है तो XP95, Speed और Power95 जैसे प्रीमियम पेट्रोल को E10 ब्लेंड के साथ बेचा जा सकता है। इससे वाहन चालकों को अलग विकल्प मिलेगा और पुराने वाहनों के मालिकों की चिंताएं भी कम हो सकती हैं।हालांकि, यह पेट्रोल सामान्य पेट्रोल की तुलना में महंगा हो सकता है क्योंकि इसमें ज्यादा ऑक्टेन और एडवांस एडिटिव्स शामिल होते हैं।

नितिन गडकरी ने E20 को लेकर क्या कहा था?

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने संसद में बताया था कि E20 पेट्रोल से कुछ वाहनों में फ्यूल एफिशिएंसी 2 से 6 प्रतिशत तक कम हो सकती है।उन्होंने यह भी कहा था कि टेस्टिंग के दौरान E20 से इंजन की टिकाऊ क्षमता को लेकर कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है। उनके मुताबिक, E20 से कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिलती है और वाहन की परफॉर्मेंस बेहतर हो सकती है।

E20, E10 और प्रीमियम पेट्रोल की कीमत

दिल्ली में सामान्य पेट्रोल की कीमत करीब 102 रुपये प्रति लीटर के आसपास है, जबकि XP95, Speed और Power95 जैसे प्रीमियम पेट्रोल की कीमत लगभग 110 से 115 रुपये प्रति लीटर तक हो सकती है।वहीं ऑक्टेन 100 जैसे प्रीमियम फ्यूल की कीमत कई जगहों पर 150 से 170 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच जाती है।फिलहाल XP95, Speed और Power95 में भी E20 ब्लेंड उपलब्ध है, लेकिन इनमें मौजूद एडिटिव्स इंजन की सफाई, बेहतर कंबशन और जंग से बचाव में मदद करते हैं।