8th Pay Commission: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजरें 8वें वेतन आयोग पर टिकी हुई हैं। हर कोई जानना चाहता है कि नई सैलरी कब से लागू होगी, वेतन में कितनी बढ़ोतरी हो सकती है और कर्मचारियों को कितना एरियर मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इन सवालों पर अभी अंतिम फैसला आना बाकी है। चलिए आपको बताते है इससे जुड़ी सभी अहम जानकारी 

8वें वेतन आयोग पर क्या है ताजा अपडेट?

8वें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था। आयोग की अध्यक्षता न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं। इसके अलावा प्रोफेसर पुलक घोष को अंशकालिक सदस्य और पंकज जैन को सदस्य-सचिव बनाया गया है।

आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार करने के लिए गठन की तारीख से 18 महीने का समय दिया गया है। इस हिसाब से आयोग की रिपोर्ट मई 2027 के आसपास आने की संभावना है। हालांकि, रिपोर्ट सौंपने और सरकार की ओर से सिफारिशों को मंजूरी देकर लागू करने के बीच समय लग सकता है।

कितना बढ़ सकता है वेतन?

कर्मचारियों की सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी, यह आयोग की सिफारिशों और सरकार द्वारा मंजूर किए जाने वाले फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करेगा। फिटमेंट फैक्टर के जरिए मौजूदा बेसिक पे को नए वेतन ढांचे में बदलने की गणना की जाती है।

फिलहाल नए फिटमेंट फैक्टर, न्यूनतम बेसिक सैलरी और नई पे मैट्रिक्स को लेकर कोई अंतिम आधिकारिक आंकड़ा घोषित नहीं हुआ है। सोशल मीडिया पर अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर और सैलरी बढ़ोतरी के दावे सामने आ सकते हैं, लेकिन उन्हें पक्का आंकड़ा मानने से पहले सरकारी घोषणा का इंतजार करना चाहिए।

यह भी समझना जरूरी है कि बेसिक सैलरी में बढ़ोतरी और कुल मासिक वेतन में बढ़ोतरी एक जैसी नहीं होती। महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, अन्य भत्ते और लागू नियम भी कुल वेतन को प्रभावित करते हैं।

इसके अलावा 2028 के शुरूआत या बीच तक नए वेतन आयोग मोदी सरकार की तरफ से लागू कर दिया जाएगा। मालूम हो कि 1 करोड़ से अधिक केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स नए वेतन आयोग का इंतजार कर रहे है।