Bihar Bus Accident: बिहार के पश्चिम चंपारण से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बेतिया के लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। सबसे दर्दनाक बात यह है कि हादसे में उस बच्चे के पिता की भी मौत हो गई, जिसके जन्म की खुशी में छठियार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
बेटे के जन्म की खुशी में हो रहा था कार्यक्रम
जानकारी के मुताबिक, बनकटवा गांव निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर बच्चे के छठियार का कार्यक्रम चल रहा था। इसी खुशी में सड़क किनारे आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान गोरखपुर की ओर से बेतिया जा रही एक यात्री बस सामने से आ रहे ट्रक से बचने की कोशिश में अनियंत्रित हो गई और सीधे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी।
बस की चपेट में आए कई लोग
तेज रफ्तार बस के अचानक कार्यक्रम में घुसते ही वहां चीख-पुकार मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। लेकिन बस की चपेट में आने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। हादसे में देवेंद्र दुबे की मौत सबसे ज्यादा झकझोर देने वाली रही। बताया जा रहा है कि उनके बच्चे का ही छठियार कार्यक्रम चल रहा था और बेटे के जन्म की खुशी में पूरा परिवार जश्न मना रहा था। कुछ ही देर में खुशियां मातम में बदल गईं।
छह से ज्यादा लोग घायल
हादसे में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बेतिया जीएमसीएच भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ भी की।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए नरकटियागंज SDPO जयप्रकाश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है। हादसे की वजह और बस चालक की भूमिका को लेकर जांच की जा रही है। जिस घर में बेटे के जन्म की खुशी में छठियार मनाया जा रहा था, वहां कुछ ही पलों में मातम पसर गया। हादसे के बाद बनकटवा गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।