Varanasi Airport News: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। इस घटना में एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि यात्री अपनी पिस्टल की मैगजीन अलग कर रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत स्थिति संभाली और घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

सुरक्षा जांच के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसे नियमों के तहत विमान में ले जाने से पहले जमा करना था।एयरपोर्ट की प्रक्रिया के अनुसार, यात्री के हथियार को सील करके सुरक्षित तरीके से रखा जाता है। इसके लिए पिस्टल से मैगजीन अलग करना जरूरी होता है।

मैगजीन निकालते समय दबा ट्रिगर

बताया जा रहा है कि कमलेश राय जब अपनी पिस्टल की मैगजीन निकाल रहे थे, उसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।गोली लगने से एक महिला कर्मचारी के पैर में चोट आई, जबकि एक पुरुष कर्मचारी के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई। दोनों घायलों को तुरंत कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री को लिया हिरासत में

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच की जा रही है कि आखिर हथियार संभालने के दौरान यह लापरवाही कैसे हुई।एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

एयरपोर्ट पर मचा अफरा-तफरी का माहौल

गोली चलने की आवाज सुनते ही एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और किसी बड़े हादसे को होने से रोक लिया।इस घटना ने एक बार फिर हथियारों को संभालते समय सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

  Written By: Shivashakti Narayan Singh