America Shooting News: अमेरिका के दक्षिण आयडहो स्थित एक प्रसिद्ध इन-एन-आउट (In-N-Out) बर्गर रेस्तरां में भीषण गोलीबारी की घटना सामने आई है। एक हमलावर ने रेस्तरां के भीतर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। जवाबी कार्रवाई में हमलावर भी मारा गया है। पुलिस फिलहाल हमले के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
एआर-स्टाइल राइफल से की ताबड़तोड़ फायरिंग
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी लेन कोएहन के अनुसार, हमलावर एआर-स्टाइल (AR-style) राइफल से लगातार गोलियां चला रहा था। तभी वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने अपनी पिस्तौल से हमलावर पर गोली चला दी, जिससे शूटर वहीं ढेर हो गया।
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी दोदारो ने बताया कि गोलीबारी शुरू होते ही रेस्तरां के भीतर चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद रेस्तरां के यूनिफॉर्म में एक कर्मचारी को सीने पर गोली लगी हालत में बाहर लाते देखा गया।
घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
प्रारंभिक जानकारी में पुलिस ने कम से कम 5 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही थी, लेकिन बाद में कई लोगों की मौत होने की पुष्टि की गई। हालांकि, हताहतों का आधिकारिक आंकड़ा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और पैरामेडिकल स्टाफ मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आसपास के इलाके में हड़कंप
जिस रेस्तरां में यह हमला हुआ, वह एक व्यस्त बाजार के पास स्थित है। दक्षिण आयडहो का यह इलाका कम आबादी वाला (लगभग 56 हजार) माना जाता है, जो उत्तरी नेवाडा बॉर्डर से करीब 120 किलोमीटर दूर है। पुलिस फिलहाल प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है और इलाके की नाकेबंदी कर जांच बढ़ा दी गई है।
गन कल्चर पर फिर उठे सवाल
अमेरिका में ढीले हथियार कानूनों (Gun Laws) के कारण गोलीबारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में सिएटल के एक फूड फेस्टिवल में भी हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें पुलिस कम से कम तीन संदिग्धों की संलिप्तता मान रही है। आयडहो की इस ताजा घटना ने एक बार फिर देश में गन कंट्रोल और सार्वजनिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
और पढ़ें:
'एलियन' के रहस्य को देखने निकले थे पर्यटक, नाज्का लाइंस के ऊपर प्लेन क्रैश में 13 की मौत