काठमांडू। मशहूर पर्वतारोही निर्मल निम्स पुर्जा की पाकिस्तान और चीन की सीमा पर स्थित दुनिया की 12वीं सबसे ऊंची चोटी ब्रॉड पीक पर आए एवलांच (हिमस्खलन) में मौत हो गई है। उनके एडवेंचर ग्रुप 'एलीट एक्सपेड' ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने पाकिस्तान के कराकोरम पर्वत श्रृंखला स्थित 8,051 मीटर ऊंचे ब्रॉड पीक पर हुए भीषण हिमस्खलन में विश्वप्रसिद्ध नेपाली-ब्रिटिश पर्वतारोही निर्मल ‘निम्म्स दाई’ पुर्जा और उनके अभियान दल के सदस्यों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण केवल शिखर तक पहुंचने की यात्रा नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन, त्याग और मानव की सीमाओं को चुनौती देने वाले अदम्य आत्मविश्वास की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है।

प्रधानमंत्री शाह ने दी श्रद्धांजलि  

प्रधानमंत्री शाह ने फेसबुक पर जारी अपने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि पर्वत कई लोगों को शिखर का गौरव देते हैं,लेकिन कभी-कभी उन्हें हमेशा के लिए अपनी गोद में भी समा लेते हैं। इसके बावजूद पर्वतारोहियों का साहस और समर्पण उन्हें इतिहास में हमेशा अमर बनाए रखता है।

उन्होंने कहा कि 8,051 मीटर ऊंचे ब्रॉड पीक पर हुए इस हादसे में विश्व रिकॉर्ड धारक निर्मल पुर्जा सहित छह नेपाली और चार विदेशी पर्वतारोहियों की मौत ने पूरे नेपाल को स्तब्ध कर दिया है। उनके अनुसार, भले ही इन पर्वतारोहियों की जीवन यात्रा समाप्त हो गई हो, लेकिन उनका साहस, ऐतिहासिक उपलब्धियां और पर्वतारोहण के क्षेत्र में दिया गया योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

पांच देशों के दस पर्वतारोही थे शामिल

निर्मल पुर्जा नौ अन्य पर्वतारोहियों के साथ ब्रॉड पीक फतह करने के अभियान पर थे। वह बिना अतिरिक्त ऑक्सीजन के दुनिया की 12वीं सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ने की चुनौती स्वीकार कर रहे थे। उनके नेतृत्व वाले इस दल में नेपाल, पाकिस्तान, चीन, ओमान और अमेरिका के कुल 10 पर्वतारोही शामिल थे।

यह भी पढ़ें:ईरान की चेतावनी: अगर हमला हुआ तो अमेरिका और इज़राइल के ऊर्जा और बुनियादी ढांचे को कर देगा तबाह

हिमस्खलन में निर्मल पुर्जा के साथ उनके भरोसेमंद गाइड पुर बहादुर गुरूंग (युक्ता) और निमा शेरपा की भी मौत हो गई। पुर्जा की कंपनी एलीट एक्सपेड और निम्सदाई फाउंडेशन ने आधिकारिक बयान जारी कर इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए सभी मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

खराब मौसम में अभियान

अधिकारियों के अनुसार, खराब मौसम के कारण राहत एवं बचाव अभियान में शुरुआत में बाधा आई। बाद में ड्रोन सर्वे के दौरान कैंप-1 के निकट शवों का पता लगाया गया, जिनकी पहचान बचाव दल ने की।

ब्रिटिश गुरखा सैनिक

पूर्व ब्रिटिश गुरखा सैनिक रह चुके निर्मल पुर्जा ने वर्ष 2019 में महज छह महीने से कुछ अधिक समय में दुनिया की सभी 14 आठ-हजार मीटर से ऊंची चोटियों पर चढ़कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। उनकी इस असाधारण उपलब्धि पर आधारित नेटफ्लिक्स की चर्चित डॉक्यूमेंट्री "14 पीक्स: नथिंग इज़ इम्पॉसिबल" ने उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई थी। अपने अंतिम अभियान में वह बिना बोतलबंद ऑक्सीजन के सभी 8,000 मीटर से ऊंची चोटियों पर चढ़ने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहे थे।

Written By: Pradeep Singh