पुलिस को हमेशा चोरों के पीछे भागते हुए ही हमने और आपने देखा होगा। लेकिन गुजरात में एक दुकान में चोरी करने पहुंचे चोरों ने खुद पुलिस को ही फोन करके बुला लिया। खबर सुनकर आप भी चौंक गए ना। अब आप यह सोचेंगे कि ऐसा आखिर क्यों हुआ? दरअसल गुजरात में चोर आधी रात ज्वैलर्स की दुकान में चोरी करने पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही चोर अंदर दाखिल हुए बाहर जाग रहे लोगों ने दुकान का शटर बंद कर दिया। फिर क्या था चोर अंदर ही फंस गए। लोगों की भीड़ इक्ट्ठा हो चुकी थी। ऐसे में पीटाई के डर से घबराए चोरों को खुद ही 112 पर फोन करके पुलिस को मजबूरी बुलाना पड़ा। मौके पर पुलिस पहुंची और चोरों को अपने साथ थाने लेकर गई।

सेंधमारी करते हुए दुकान का कुंदा काटा

गुजरात के वलसाड जिले में स्थित उमरगांव के संजान में देर रात चोरी की नीयत से ज्वैलर्स की दुकान में 2 चोर घुसे थे। लेकिन अंदर घुसते ही मुसीबत मोल ले ली। मामला मंगलवार का है जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। रात के 7:30 बजे ज्वेलर्स मनीष अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। इसके बाद सेंधमारी करते हुए चोर वहां पहुंचे। पहले वह काफी देर तक यहां-वहां देखते रहे फिर कुछ देर बाद लोगों की नजरों से खुद को बचाते हुए इलेक्ट्रिक कटर की मदद से शटर का कुंदा काटकर अंदर घुसे।

पास के दुकानदार ने मालिक को किया फोन

कटर की आवाज सुनते ही दुकान के पास मौजूद निखिलभाई की नींद अचानकत खुल गई। उन्होंने अपने दोस्त आकाशभाई और दुकान के मालिक मनीष को इसके बारे में जानकारी दी। तब तक वहां आस-पास भीड़ इक्ट्ठा हो चुकी थी। मनीष अपने भाई नीरज के साथ अपनी दुकान पहुंचे। दुकान का शटर आधा खुला देख लोगों ने अपनी समझदारी दिखाते हुए उसे बाहर से बंद कर दिया।

चोरों ने किया 112 पर कॉल

चोरो की इस कहानी में यहीं पर ट्विस्ट आया। अंदर चोरी के लिए गए चोरों को क्या पता था कि वह पकड़े जाएंगे। बाहर मौजूद भीड़ और निकलने का रास्ता ना होने के साथ-साथ चोरों को अपनी जान बचाने के लिए खुद ही 112 पर कॉल करना पड़ गया। फोन पर चोरों ने पुलिस से कहा कि वे दुकान के अंदर फंसे हैं, उन्हें आकर बचा लिजिए।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना की सूचना मिलते ही नाइट पेट्रोलिंग पर तैनात उमरगाम थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। जहां पहुंचकर पुलिस ने दुकान का शटर खोला और दोनों चोरों को बाहर गुस्साई भीड़ से सुरक्षित निकालकर अपनी हिरासत में लिया। इस अनोखी घटना की चर्चा जहां इलाके में अभी भी बनी हुई है तो वहीं सोशल मीडिया पर भी इस पूरे वाक्य का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

Written By: MADHVI TANWAR