भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-IN ने गूगल क्रोम यूजर्स के लिए अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि एजेंसी ने क्रोम ब्राउजर में कई गंभीर सुरक्षा खामियों का पता लगाया है। जिसका फायदा उठाकर हैकर्स यूजर्स के सिस्टम पर हमला कर सकते हैं। इससे डिवाइस क्रैश होने की स्थिति भी पैदा हो सकती है। यह खतरा विंडोज, मैक और लिनक्स डेस्कटॉप यूजर्स के लिए है। क्योंकि लिनक्स पर 148.0.7778.178 से पुराने गूगल क्रोम वर्जन और विंडोज व मैक पर 148.0.7778.178 या 179 से पुराने वर्जन इस खामी से प्रभावित हो सकते हैं।
गूगल क्रोम अपडेट करने की सलाह
वहीं अब सरकार ने सभी यूजर्स को अपना गूगल क्रोम अपडेट करने की सलाह दी है। एजेंसी के अनुसार,अगर समय पर अपडेट नहीं किया गया तो हैकर्स डिवाइस को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
सुरक्षा में कई खामियां
हाल ही में भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत काम करने वाली साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने गूगल क्रोम के डेस्कटॉप वर्जन में कई गंभीर सुरक्षा खामियों की पहचान की है। एजेंसी के अनुसार ये कमजोरियां विंडोज,मैक और लिनक्स जैसे प्रमुख ऑपरेटिंग सिस्टम्स को प्रभावित कर सकती हैं।
न करें पुराने गूगल क्रोम वर्जन का इस्तेमाल
साइबर अपराधी इन कमजोरियों का फायदा उठाकर किसी यूजर के सिस्टम में घुसपैठ कर सकते हैं,संवेदनशील डाटा चुरा सकते हैं,मालवेयर इंस्टॉल कर सकते हैं और यहां तक कि पूरे सिस्टम को क्रैश भी कर सकते हैं। यह खतरा खासतौर पर उन यूजर्स के लिए अधिक गंभीर माना जा रहा है जो अभी भी पुराने गूगल क्रोम वर्जन का इस्तेमाल कर रहे हैं।
साइबर सुरक्षा के लिए सॉफ्टवेयर अपडेट बेहद जरूरी
वहीं अब कहा जा रहा है कि साइबर सुरक्षा बनाए रखने के लिए नियमित सॉफ्टवेयर अपडेट बेहद जरूरी हैं। इसी कारण सीईआरटी-इन ने सभी यूजर्स को तुरंत अपना गूगल क्रोम अपडेट करने की सलाह दी है ताकि इन खतरनाक कमजोरियों से बचा जा सके और ऑनलाइन सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Written By: Geeta Sharma