रिश्तों की खूबसूरती जितनी आकर्षक होती है, उन्हें संभालना उतना ही नाजुक काम भी होता है। कई बार एक प्यारी-सी बात दिलों को और करीब ले आती है, जबकि गुस्से में कहा गया एक कठोर शब्द दूरी पैदा कर सकता है। लोग अक्सर इस बात पर ध्यान देते हैं कि पार्टनर को क्या कहना चाहिए, लेकिन असल समझदारी इस बात में है कि किन बातों से बचना जरूरी है। जब हम किसी से सच्चा लगाव रखते हैं, तो वही इंसान हमारी खुशी, हमारी आदतों और हमारे जज्बातों का सबसे करीबी साथी बन जाता है। मगर बहस या नाराजगी के दौरान बोले गए कुछ शब्द रिश्ते की मजबूती को कमजोर कर सकते हैं। रिश्ते बेहद नाजुक होते हैं, इसलिए उन्हें संभालकर निभाना पड़ता है।
पछतावे वाली बात कभी न कहें
गुस्से में कई लोग कह देते हैं, “तुमसे रिश्ता जोड़ना मेरी गलती थी।” यह वाक्य सुनने में छोटा लग सकता है, लेकिन इसका असर बहुत गहरा होता है। इससे सामने वाले को लगता है कि पूरा रिश्ता ही बेकार था। एक बार ऐसी बात कह देने के बाद भरोसा दोबारा बनाना आसान नहीं रहता।
आर्थिक स्थिति पर ताना न मारें
किसी की कमाई, नौकरी या पारिवारिक स्थिति को लेकर कटाक्ष करना रिश्ते में कड़वाहट ला सकता है। पैसे से जुड़ी बातें व्यक्ति के आत्मसम्मान से जुड़ी होती हैं। ऐसे मुद्दों को बहस में हथियार बनाना सामने वाले को भीतर तक चोट पहुंचा सकता है।
परिवार और दोस्तों का सम्मान जरूरी
हो सकता है कि आपको पार्टनर के किसी दोस्त या रिश्तेदार की कोई बात पसंद न हो, लेकिन उनका अपमान करना सही नहीं है। हर इंसान अपने करीबियों से भावनात्मक रूप से जुड़ा होता है। इसलिए उनकी बुराई रिश्ते में तनाव बढ़ा सकती है।
कमजोरियों का मजाक न उड़ाएं
अगर आपका साथी किसी बात को लेकर असहज या असुरक्षित महसूस करता है, तो उस कमजोरी पर हंसना उसके आत्मविश्वास को चोट पहुंचा सकता है। मजाक में कही गई बातें भी कई बार दिल में लंबे समय तक रह जाती हैं और धीरे-धीरे रिश्ते में दूरी बढ़ने लगती है।
Written By Toshi Shah