Independence Day 2026: देशभर में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। इस बीच दिल्ली में लाल किले पर होने वाले मुख्य समारोह को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और ट्रैफिक के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में अगर आप 15 अगस्त को दिल्ली-NCR में सफर करने वाले हैं, तो कुछ जरूरी बदलावों की जानकारी पहले से रखना आपके लिए फायदेमंद रहेगा।
15 अगस्त को रहेगा सार्वजनिक अवकाश
स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को देश में राजपत्रित अवकाश है। दिल्ली में भी इस दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा। वही स्कूलों और कई संस्थानों में अलग अलग कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, हालांकि कई सरकारी संस्थानों की छुट्टी रहेगी जबकि अलग-अलग निजी संस्थानों के नियम अलग हो सकते हैं।
सुबह 4 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो
लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहुंचने वाले लोगों और आम यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दिल्ली मेट्रो की सेवाएं 15 अगस्त को सामान्य दिनों की तुलना में पहले शुरू की जाएंगी। रिपोर्ट के मुताबिक, मेट्रो सुबह 4 बजे से चलनी शुरू होगी। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के कारण कुछ स्टेशनों के आसपास यात्रियों को अतिरिक्त जांच और प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।
लाल किले के आसपास ट्रैफिक पर रहेगा असर
स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते लाल किले और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन और सड़क बंद किए जाने जैसी व्यवस्था रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को प्रतिबंधित क्षेत्रों से बचने और यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाने की सलाह दी है। इसके अलावा बसों और कुछ व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर भी विशेष प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। ऐसे में पुरानी दिल्ली, लाल किला और आसपास के इलाकों की तरफ जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलना चाहिए।
जरूरी काम से निकल रहे हैं तो इन बातों का रखें ध्यान
अगर 15 अगस्त को आपको रेलवे स्टेशन, अस्पताल या किसी जरूरी काम के लिए दिल्ली के इन इलाकों से गुजरना है, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जरूर जांच लें। सुरक्षा और ट्रैफिक प्रतिबंधों की वजह से सामान्य दिनों की तुलना में यात्रा में अधिक समय लग सकता है।
यह भी पढ़ें- 15 अगस्त के पहले दिल्ली में मचा हड़कंप, ईमेल के जरिये मिली बम से उड़ाने की धमकी
इस बार स्वतंत्रता दिवस होगा खास
2026 का स्वतंत्रता दिवस कई मायनों में खास है। लाल किले पर इस बार पहली बार राष्ट्रगान से पहले ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। समारोह में युवाओं की भागीदारी और ‘युवा शक्ति’ पर भी विशेष जोर रहेगा।
कुल मिलाकर 15 अगस्त को दिल्ली-NCR में छुट्टी होने के बावजूद लाल किले और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था सामान्य दिनों से अलग रहेगी। अगर आपका वहां जाना जरूरी नहीं है तो प्रतिबंधित इलाकों में जाने से बचें। वहीं जरूरी यात्रा करने वालों को मेट्रो और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने तथा घर से निकलने से पहले ताजा ट्रैफिक अपडेट देखने की सलाह दी जाती है।