मेरठ। उत्तर प्रदेश के शामली जिल में एक आश्चर्यजनक घटना देखने को मिली। मेरठ-करनाल हाईवे पर एक बाइक सवार तेज रफ्तार में जा रहा था। उसके बैग की चेन खुली रह गई और पीछे से 500 और 200 के नोट हवा में उड़ने लगे। तेज रफ्तार में चल रहे बाइक सवार को इसका जरा भी अंदाजा नहीं हुआ कि उसके बैग से रुपये गिर रहे हैं। करीब आधा किलोमीटर तक सड़क पर नोट ही नोट बिखरे पड़े थे।

यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के काबड़ौत पुल के पास की है। पीछे से आ रहे अमित कुमार नामक व्यक्ति ने इस दृश्य को देखकर बाइक सवार को आवाज लगाई, लेकिन बाइक रुकी नहीं। उन्होंने बिना देर किए सारे नोट इकट्ठे करने शुरू कर दिए। गिनती की तो टोटल निकले करीब 4 लाख रुपये। बिना किसी लालच में आए अमित कुमार ने सीधा पुलिस को सूचना दी और पूरा पैसा पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस भी मौके पर पहुंची और करीब 40 मिनट तक हाईवे से नोट बीनती रही, कुल 11 गड्डियां मिलीं।

अमित कुमार 4 लाख देखकर भी अपने ईमान से नहीं डिगे।आज जब चंद हजार के लिए लोग रिश्तों को भूल जा रहे हैं वहीं पर अमित ने बड़ा दिल औऱ ईमानदारी का परिचय देते हुए पूरा पैसा पुलिस को सौंप दिया। सोशल मीडिया पर अमित के इस व्यवहार पर लोग खूब कमेंट कर रहे हैं।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति या संस्था के साथ इस तरह की रकम खोने की घटना हुई है, तो वह उचित दस्तावेजों के साथ कोतवाली में संपर्क कर सकता है। जांच पूरी होने के बाद ही नियमानुसार यह रकम असली मालिक को सौंपी जाएगी। सोशल मीडिया पर वायरल यह घटना अप्रैल 2026 की है।

Written By: Pradeep Singh