Bihar Social Media Policy: सोशल मीडिया पर वीडियो और रील्स बनाने वाले क्रिएटर्स के लिए बिहार सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। राज्य मंत्रिमंडल ने बिहार सोशल मीडिया नीति में संशोधन को मंजूरी दे दी है। इसके तहत सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से जुड़े वीडियो बनाने वाले पात्र क्रिएटर्स को उनके वीडियो पर आने वाले व्यूज के आधार पर भुगतान किया जाएगा।
1 लाख व्यूज पर मिलेंगे 10 हजार रुपये
नई व्यवस्था के तहत किसी पात्र क्रिएटर के वीडियो को 30 दिनों में जितने व्यूज मिलेंगे, उसी के आधार पर भुगतान किया जाएगा। हर 1 लाख व्यूज पर 10,000 रुपये देने का प्रावधान किया गया है। हालांकि, एक वीडियो के लिए भुगतान की अधिकतम सीमा 1 लाख रुपये तय की गई है। यानी अगर किसी वीडियो को 10 लाख या उससे ज्यादा व्यूज मिलते हैं तो भी उस वीडियो के लिए अधिकतम 1 लाख रुपये ही भुगतान किया जाएगा।
हर वायरल वीडियो पर नहीं मिलेगा पैसा
सरकार की इस योजना का लाभ उठाने के लिए क्रिएटर्स को तय नियमों के तहत एम्पैनल होना होगा। यानी सिर्फ वीडियो वायरल होने से भुगतान नहीं मिलेगा। सरकार की ओर से पात्रता, कंटेंट और व्यूज की जांच के बाद ही भुगतान किया जाएगा। सरकार क्रिएटर्स के पेज, हैंडल और चैनलों के फॉलोअर्स की भी समय-समय पर जांच करेगी। कंटेंट की गुणवत्ता और व्यूज की वास्तविकता को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत परखा जाएगा।
सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना मकसद
सरकार का कहना है कि इस नीति का उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है। सोशल मीडिया की बढ़ती पहुंच को देखते हुए सरकार युवाओं और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को इस अभियान से जोड़ना चाहती है। इससे क्रिएटर्स को कमाई का नया अवसर मिलने के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी भी आम लोगों तक तेजी से पहुंच सकेगी।
जल्द जारी होगी विस्तृत अधिसूचना
इस योजना से जुड़े नियम, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और किस तरह के कंटेंट को भुगतान के लिए मान्य माना जाएगा, इसकी विस्तृत जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी होने वाली अधिसूचना में सामने आएगी। फिलहाल कैबिनेट के इस फैसले ने बिहार के सोशल मीडिया क्रिएटर्स के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। अगर कोई क्रिएटर सरकार की योजनाओं से जुड़ा कंटेंट बनाता है और तय मानकों के तहत अच्छा प्रदर्शन करता है, तो उसे व्यूज के आधार पर एक वीडियो पर 1 लाख रुपये तक कमाने का मौका मिल सकता है।
Written by Shailesh Yadav