Atiq Ahmed family: माफिया से नेता बने अतीक अहमद के परिवार पर एक और बड़ा संकट आ गया है। अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद (21) की गुरुवार यानी आज झांसी में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में एक अन्य युवक की भी जान चली गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आबान अपने जेल में बंद बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था, तभी रास्ते में कार के सामने अचानक जानवर आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया।

अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 2023 में हत्या के बाद पहले ही परिवार लगातार मुश्किलों से गुजर रहा था। अब सबसे छोटे बेटे की मौत ने परिवार को एक और बड़ा झटका दिया है।

अतीक अहमद के 5 बेटों का क्या हुआ?
अतीक अहमद और शाइस्ता परवीन के कुल पांच बेटे थे।
उमर अहमद-सबसे बड़ा बेटा, रंगदारी और अपहरण समेत कई मामलों में लखनऊ जेल में बंद।
अली अहमद-दूसरा बेटा, कई आपराधिक मामलों में प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल में बंद।
असद अहमद- तीसरा बेटा, उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी था। अप्रैल 2023 में झांसी में यूपी एसटीएफ के एनकाउंटर में मारा गया।
अहाम अहमद- चौथा बेटा, घटना के समय नाबालिग था। बाल सुधार गृह से रिहा होने के बाद बाहर है।
आबान अहमद- सबसे छोटा बेटा, हाल ही में बाल सुधार गृह से बाहर आया था। अब सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई।

अब परिवार में कौन-कौन बचा है?
आबान की मौत के बाद अतीक अहमद के पांच बेटों में उमर, अली और अहाम ही जीवित हैं। इनमें उमर और अली अलग-अलग जेलों में बंद हैं, जबकि अहाम बाहर है। वहीं, अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन उमेश पाल हत्याकांड में नामजद आरोपी हैं और फरवरी 2023 से फरार चल रही हैं। उन पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। दूसरी ओर, अतीक के भाई अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा भी फरार बताई जाती हैं।

आबान की मौत के साथ ही अतीक अहमद के परिवार की कहानी में एक और दुखद अध्याय जुड़ गया है। पिछले तीन वर्षों में एनकाउंटर, हत्याओं, गिरफ्तारी और अब सड़क हादसे ने इस परिवार की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। 

और पढ़ें: अतीक अहमद के बेटे की सड़क हादसे में मौत, भाई अली से मिलने जा रहे थे आबान 

Written by Shailesh Yadav