Damodar Yadav Karni Sena Controversy: मध्य प्रदेश के दतिया में आजाद समाज पार्टी (ASP) के नेता दामोदर सिंह यादव का करणी सेना को लेकर दिया गया बयान विवाद का कारण बन गया है। दतिया विधानसभा से चुनाव लड़ चुके दामोदर यादव ने सोशल मीडिया पर करणी सेना के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की और बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया।
उनके बयान के सामने आने के बाद करणी सेना के कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई। संगठन से जुड़े लोगों ने बुधवार को दतिया कोतवाली पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा और दामोदर यादव के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।
दामोदर यादव ने क्या कहा?
दामोदर यादव ने अपने बयान में करणी सेना को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने संगठन को 'कपूतों और चार गुंडों की सेना' बताते हुए कहा कि उसमें उनके या उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ बोलने की क्षमता नहीं है।उन्होंने आगे बेहद आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करते हुए करणी सेना के कार्यकर्ताओं को 25,000 फीट गहरे गड्ढे में गाड़ देने की बात कही। बयान में उन्होंने अकबर को पिता मानने से जुड़ी टिप्पणी भी की।बयान सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विवाद तेजी से बढ़ गया और करणी सेना की ओर से पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई।
करणी सेना ने पुलिस को दिया ज्ञापन
दामोदर यादव के बयान से नाराज करणी सेना और सर्व समाज से जुड़े लोगों ने दतिया कोतवाली पहुंचकर नगर निरीक्षक दिनेश राजपूत को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने पुलिस से मामले में FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह के बयान सामाजिक माहौल को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो संगठन की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर हाईवे जाम करने की चेतावनी भी दी गई है।
पहले भी विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं दामोदर यादव
यह पहली बार नहीं है जब दामोदर सिंह यादव का नाम किसी विवादित बयान को लेकर सामने आया है। इससे पहले भी वह भगवान परशुराम को लेकर की गई कथित टिप्पणी के कारण चर्चा में रहे थे।फिलहाल करणी सेना की शिकायत के बाद पुलिस ने ज्ञापन ले लिया है और मामले की जांच शुरू होने की बात कही गई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बयान को लेकर आगे किस तरह की कानूनी कार्रवाई की जाती है।
Written By: Shivashakti Narayan Singh