इस साल दिवाली के आसपास भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में हाइब्रिड एसयूवी सेगमेंट में हलचल बढ़ने वाली है। यदि आप नई एसयूवी खरीदने का विचार कर रहे हैं, तो कुछ समय इंतजार करना आपके लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है। आने वाले महीनों में दो नई हाइब्रिड एसयूवी भारतीय ग्राहकों के सामने पेश की जा सकती हैं। इनमें किआ सोरेंटो और नई रेनो डस्टर हाइब्रिड शामिल हैं। दोनों मॉडल आधुनिक तकनीक, बेहतर माइलेज और प्रीमियम फीचर्स के साथ बाजार में उतरने की तैयारी में हैं।

एसयूवी सोरेंटो को भारतीय बाजार में होगा पेश

किआ इंडिया अपनी लोकप्रिय वैश्विक एसयूवी सोरेंटो को भारतीय बाजार में पेश करने की योजना बना रही है। यह कंपनी की पहली हाइब्रिड एसयूवी हो सकती है, जिसे 7-सीटर लेआउट के साथ लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी एंट्री अक्टूबर के आसपास हो सकती है। बताया जा रहा है कि यह एसयूवी डीजल इंजन के अलावा स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड विकल्प में भी उपलब्ध होगी। कुछ डीलरशिप्स पर इसकी अनौपचारिक बुकिंग शुरू होने की भी चर्चा है।

जानिए फीचर्स के बारे में

फीचर्स की बात करें तो किआ सोरेंटो को प्रीमियम सेगमेंट की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें ड्यूल 12.3 इंच डिजिटल डिस्प्ले, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, पैनोरमिक सनरूफ, मल्टीपल ड्राइव मोड्स और लेवल-2 ADAS जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स मिलने की संभावना है। इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत 40 लाख से 50 लाख रुपये के बीच रह सकती है।

रेनो डस्टर हाइब्रिड भी जल्द होगी लॉन्च

रेनो अपनी कभी बेहद लोकप्रिय रही डस्टर को बिल्कुल नए अवतार में वापस लाने की तैयारी कर रही है। इस बार कंपनी इसे हाइब्रिड तकनीक के साथ पेश करेगी। जानकारी के अनुसार, नई डस्टर में 1.8-लीटर पेट्रोल इंजन दिया जाएगा, जो दो इलेक्ट्रिक मोटर्स के साथ मिलकर बेहतर प्रदर्शन और शानदार ईंधन दक्षता प्रदान करेगा। इसमें लगभग 1.4kWh क्षमता का बैटरी पैक भी मिलेगा, जिससे माइलेज में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।

अधिक आकर्षक और दमदार होगा नई रेनो का डस्टर

नई रेनो डस्टर का डिजाइन पहले से अधिक आकर्षक और दमदार होगा। इसके केबिन में आधुनिक इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, कई सेफ्टी फीचर्स और आरामदायक इंटीरियर मिलने की संभावना है। इसकी संभावित कीमत 18 लाख से 21 लाख रुपये के बीच हो सकती है, जिससे यह मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में मजबूत विकल्प बन सकती है। अगर आप इस दिवाली नई हाइब्रिड एसयूवी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो किआ सोरेंटो और रेनो डस्टर हाइब्रिड दोनों पर नजर रखना समझदारी होगी। प्रीमियम फीचर्स, आधुनिक तकनीक और बेहतर माइलेज के कारण ये दोनों मॉडल भारतीय ग्राहकों के लिए आकर्षक विकल्प साबित हो सकते हैं।

 

Written By Toshi Shah