वनप्लस के कारोबार को लेकर इन दिनों कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि चीनी स्मार्टफोन ब्रांड कुछ इंटरनेशनल मार्केट्स से बाहर निकलने की तैयारी कर रही है। अमेरिका और यूरोप के बाद अब भारत को लेकर भी ऐसी चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, इससे पहले भी इस तरह की खबरें सामने आई थीं, जिन्हें कंपनी ने गलत बताया था।

वनप्लस स्मार्टफोन खरीदना अब कितना सुरक्षित फैसला?

नई रिपोर्ट्स के मुताबिक, वनप्लस जल्द ही कुछ देशों में अपना ऑपरेशन बंद करने की घोषणा कर सकती है, जबकि भारत से बाहर निकलने की बात अगले साल तक की जा रही है। इन खबरों के बाद वनप्लस यूजर्स और नए खरीदारों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मौजूदा स्थिति में वनप्लस का स्मार्टफोन खरीदना सही फैसला होगा?

क्या वनप्लस पूरी  तरह खत्म हो जाएगी?

वनप्लस के बंद होने की खबरों का मतलब यह नहीं है कि कंपनी पूरी तरह खत्म हो जाएगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी कुछ चुनिंदा बाजारों से हटकर अपने होम मार्केट यानी चीन पर ज्यादा ध्यान केंद्रित कर सकती है। वहीं, वनप्लस की मूल कंपनी ओप्पो अभी भी अपना स्मार्टफोन कारोबार चला रही है। कुछ क्षेत्रों में वनप्लस के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म यूजर्स को ओप्पो के प्रोडक्ट पेज पर भेज रहे हैं। इससे संकेत मिलता है कि अगर किसी बाजार से वनप्लस की मौजूदगी कम होती है, तो वहां ओप्पो अपने प्रोडक्ट और सेवाओं के जरिए मौजूद रह सकती है।

क्या अभी वनप्लस फोन खरीदना समझदारी होगी?

अगर आप नया स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं और आपकी पसंद वनप्लस पर है, तो सिर्फ इन खबरों के आधार पर तुरंत फैसला बदलने की जरूरत नहीं है। कंपनी जब तक किसी बाजार में सक्रिय रहती है, तब तक वह अपने डिवाइस के लिए सॉफ्टवेयर अपडेट और सिक्योरिटी पैच जारी करती रहेगी। अगर भविष्य में वनप्लस किसी देश से अपना कारोबार कम भी करती है, तो उम्मीद है कि ओप्पो का सपोर्ट सिस्टम ग्राहकों के लिए मददगार साबित हो सकता है। हाल की कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि ओप्पो अपने स्मार्टफोन बिजनेस को दोबारा व्यवस्थित कर रही है, जिसके तहत वनप्लस की आफ्टर-सेल सर्विस को ओप्पो के सर्विस नेटवर्क से जोड़ा जा सकता है। इसका फायदा यह होगा कि वनप्लस फोन इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को खराबी या रिपेयर की स्थिति में ओप्पो सर्विस सेंटर से सहायता मिल सकती है।

ग्राहकों की शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता

हालांकि, नए खरीदारों को कुछ मौजूदा यूजर्स की समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिए। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वनप्लस के कस्टमर सपोर्ट, रिपेयर और रिप्लेसमेंट प्रक्रिया को लेकर कई ग्राहकों ने असंतोष जताया है। कुछ यूजर्स ने यह भी शिकायत की है कि रिप्लेसमेंट की जगह उन्हें वाउचर ऑफर किए गए। ऐसे में अगर भविष्य में वनप्लस भारतीय बाजार से बाहर निकलती है, तो लंबे समय तक सर्विस और सपोर्ट को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

  

Written By Toshi Shah