गूगल क्रोम इस्तेमाल करने वालों के लिए एक नया और काम का फीचर आने वाला है। बताया जा रहा है कि अब क्रोम में यूजर्स को लंबी PDF फाइल पढ़ने की झंझट नहीं उठानी पड़ेगी, क्योंकि एक AI आधारित समरी (summary) फीचर टेस्ट किया जा रहा है।
क्या करेगा नया फीचर?
इस फीचर की मदद से किसी भी PDF फाइल का पूरा सार बहुत जल्दी मिल जाएगा। जब यह सुविधा एक्टिव होगी, तो PDF Viewer के टूलबार में “Summarize with Gemini” का विकल्प दिखेगा। इस पर क्लिक करते ही AI उस डॉक्यूमेंट को पढ़कर उसका आसान और छोटा सार तैयार कर देगा। इसके अलावा, यूजर सिर्फ समरी ही नहीं देख पाएंगे, बल्कि साइड पैनल में सवाल पूछने या डॉक्यूमेंट से जुड़ी बातचीत करने की सुविधा भी मिलेगी।
कहां टेस्ट हो रहा है यह फीचर?
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फीचर फिलहाल Google Chrome के बीटा वर्जन में टेस्ट किया जा रहा है। यह Chrome के अंदर मौजूद PDF Viewer का हिस्सा होगा। अभी इसे सभी यूजर्स के लिए जारी नहीं किया गया है, बल्कि इसे एक्सपेरिमेंटल फ्लैग के जरिए ही इस्तेमाल किया जा सकता है।
पहले से मौजूद सुविधाएं
गूगल पहले भी Chrome में PDF से जुड़ी कई सुविधाएं जोड़ चुका है, जैसे टेक्स्ट को हाईलाइट करना और नोट्स जोड़ने का विकल्प। नया AI समरी फीचर इन्हीं सुविधाओं को और ज्यादा उपयोगी बनाने की दिशा में एक कदम है।
यह फीचर क्यों उपयोगी है?
अक्सर लोग लंबी PDF फाइलें पूरी तरह नहीं पढ़ पाते क्योंकि उनमें समय ज्यादा लगता है और वे थकाने वाली हो सकती हैं। ऐसे में यह AI फीचर कुछ ही सेकंड में पूरी फाइल का सार बता देगा, जिससे यूजर आसानी से समझ पाएगा कि फाइल में क्या है और उसे पूरी तरह पढ़ना चाहिए या नहीं।
Written By Toshi Shah