रोज-रोज लौकी, तोरई, भिंडी और कद्दू जैसी सब्जियां खाकर अगर आप भी बोर हो गए हैं, तो खाने में कुछ नया और चटपटा ट्राई कर सकते हैं। राजस्थान की फेमस डूंगरी तड़का चटनी ऐसी ही एक झटपट बनने वाली रेसिपी है। इसका तीखा, चटपटा और देसी स्वाद खाने का मजा दोगुना कर देता है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए न तो मिक्सी की जरूरत होती है और न ही ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। डूंगरी चटनी को आप रोटी, पराठे या चावल के साथ आसानी से खा सकते हैं। घर में सब्जी न बनी हो या बनी हुई सब्जी खाने का मन न हो, तब भी यह चटनी आपके खाने का स्वाद बढ़ा सकती है। इसमें प्याज, टमाटर और लहसुन के साथ भुनी हुई मूंगफली डाली जाती है, जो इसके स्वाद में एक अलग ही ट्विस्ट जोड़ देती है।

कैसे बनाएं राजस्थानी डूंगरी तड़का चटनी?
पहला स्टेप
सबसे पहले एक बड़ा प्याज छीलकर धो लें और उसे बारीक काट लें। इसके बाद एक टमाटर को भी बारीक काटकर प्याज के साथ एक बाउल में डालें। इसमें बारीक कटा हुआ हरा धनिया मिला दें। अब करीब 10 से 12 लहसुन की कलियां लें और उन्हें अच्छी तरह कूट लें। इसमें 10 से 15 भुनी हुई मूंगफली डालकर लहसुन के साथ दरदरा कूट लें। इस मिश्रण को प्याज और टमाटर वाले बाउल में डालकर अच्छी तरह मिला लें।

यह भी पढ़ें: Breakfast Recipe: आलू-पनीर और स्वीट कॉर्न सैंडविच से करें दिन की स्वादिष्ट शुरुआत, झटपट बनकर होगा तैयार

दूसरा स्टेप
अब इसमें स्वाद के अनुसार लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें। इसके बाद सरसों के तेल को हल्का गर्म करके करीब 2 चम्मच तेल चटनी के ऊपर डाल दें। आप अपने स्वाद के हिसाब से तेल की मात्रा कम या ज्यादा रख सकते हैं। तेल थोड़ा ठंडा होने के बाद सभी सामग्री को हाथ से अच्छी तरह दबाते और मसलते हुए मिला लें। ध्यान रखें कि चटनी को पूरी तरह पेस्ट नहीं बनाना है, बल्कि इसमें प्याज, टमाटर और मूंगफली का हल्का टेक्सचर बना रहना चाहिए।

तीसरा स्टेप
बस तैयार है राजस्थान की स्वादिष्ट डूंगरी तड़का चटनी। इसका चटपटा और तीखा स्वाद साधारण खाने को भी खास बना देगा। अगर आपको चटनी में थोड़ा खट्टापन पसंद है तो इसमें नींबू का रस भी मिला सकते हैं। रोटी, पराठे या चावल के साथ इसे परोसें और रोज की साधारण सब्जियों से हटकर कुछ नया स्वाद लें। एक बार यह देसी चटनी बनाकर खाएंगे तो यकीनन दोबारा बनाने का मन करेगा।

Written by Rozi Sinha