पिछले कुछ वर्षों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है। घर, दफ्तर, स्कूल, अस्पताल और बिजनेस हर जगह एआई आधारित टूल्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। लोग अब निजी सलाह से लेकर निवेश और करियर से जुड़े फैसलों तक के लिए एआई चैटबॉट्स पर भरोसा करने लगे हैं। हालांकि विशेषज्ञ लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि किसी भी एआई टूल पर पूरी तरह निर्भर होना सुरक्षित नहीं है।

रिसर्च में सामने आई बड़ी खामी

हाल ही में हुई एक स्टडी ने एआई सिस्टम्स की एक गंभीर कमजोरी उजागर की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक पब्लिकेशन ने मजाक के तौर पर अपनी वेबसाइट पर एक झूठा लेख पोस्ट किया, जिसमें दावा किया गया कि वह व्यक्ति हॉट-डॉग खाने का विश्व रिकॉर्ड धारक है। कुछ ही दिनों बाद कई लोकप्रिय एआई चैबॉट्स ने उसी फर्जी जानकारी को अपने जवाबों में शामिल करना शुरू कर दिया। यह केवल एक मजाक था, लेकिन इससे यह साफ हो गया कि एआई टूल्स इंटरनेट पर मौजूद गलत जानकारियों से आसानी से प्रभावित हो सकते हैं। अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर फर्जी कंटेंट तैयार करे, तो उसके जरिए बड़ी संख्या में लोगों तक गलत सूचनाएं पहुंचाई जा सकती हैं।

आखिर यह समस्या क्यों हो रही है?

विशेषज्ञों का कहना है कि एआई चैटबॉट्स कई बार अपने ट्रेनिंग डेटा के अलावा इंटरनेट से भी जानकारी इकट्ठा करते हैं। इस दौरान वे हर स्रोत की विश्वसनीयता की सही जांच नहीं कर पाते। कई बार ब्लॉग, निजी वेबसाइट या सोशल मीडिया पोस्ट जैसी असत्यापित जानकारियां भी एआई के जवाबों का हिस्सा बन जाती हैं। यही वजह है कि कोई भी व्यक्ति मजाक, प्रचार या गलत इरादे से ऐसी सामग्री डालकर एआई के जवाबों को प्रभावित कर सकता है।

बढ़ता जा रहा है खतरा

तकनीकी जानकारों के अनुसार, एआई को भ्रमित करने के तरीके लगातार विकसित हो रहे हैं। अब केवल फर्जी लेख लिखना ही काफी नहीं है। कई एआई टूल्स वीडियो प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया कंटेंट को भी जानकारी के स्रोत के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में यदि कोई इंफ्लुएंसर पैसे लेकर भ्रामक वीडियो बनाए, तो गलत जानकारी और तेजी से फैल सकती है।

एआई इस्तेमाल करते समय रखें ये सावधानियां

* एआई द्वारा दी गई जानकारी हमेशा सही हो, यह जरूरी नहीं है।

* किसी भी महत्वपूर्ण जानकारी को अन्य भरोसेमंद स्रोतों से जरूर जांचें।

* स्वास्थ्य, पैसों और निजी रिश्तों से जुड़े फैसले केवल एआई के भरोसे न लें।

* एआई के हर जवाब को अंतिम सच मानना खतरनाक हो सकता है।

Written By Toshi Shah