Kangana Ranaut Baba Ramdev Controversy: कंगना रनौत और बाबा रामदेव के बीच Gen Z को लेकर शुरू हुआ विवाद अब निजी टिप्पणियों तक पहुंचता नजर आ रहा है। कंगना के Gen Z को लेकर दिए गए बयान पर बाबा रामदेव की प्रतिक्रिया के बाद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर उन्हें तीखे अंदाज में जवाब दिया है। कंगना ने बाबा रामदेव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें उनकी जवानी और बेडरूम को लेकर 'दिन में सपने' नहीं देखने चाहिए।

दरअसल, विवाद की शुरुआत कंगना रनौत के उस बयान से हुई थी, जिसमें उन्होंने कुछ युवा महिलाओं और Gen Z के एक वर्ग की सोच पर सवाल उठाते हुए उन्हें 'जेनरेशन गटर' कह दिया था। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया से लेकर सार्वजनिक मंचों तक बहस छिड़ गई। इसी मामले पर बाबा रामदेव से भी सवाल पूछा गया, जिसके बाद उन्होंने कंगना के बयान को खराब सोच का नतीजा बताया।

बाबा रामदेव ने कंगना के बयान पर क्या कहा?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक कार्यक्रम में बाबा रामदेव से कंगना रनौत के Gen Z को लेकर दिए गए बयान के बारे में सवाल किया गया था। उन्होंने कंगना की सोच और उनकी पिछली उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं की पूरी पीढ़ी को 'जेनरेशन गटर' कहना सही नजरिया नहीं है।बाबा रामदेव ने सवाल उठाया कि किसी व्यक्ति का बचपन कैसा रहा, उसकी जवानी कैसी रही और उसकी पिछली उपलब्धियां क्या रही हैं। उन्होंने कहा कि वह ऐसे लोगों पर ज्यादा बात नहीं करना चाहते, लेकिन युवाओं को इस तरह का नाम देना खराब सोच को दर्शाता है।

कंगना ने इंस्टाग्राम पर दिया जवाब

बाबा रामदेव की इस टिप्पणी के बाद कंगना ने बुधवार, 19 अगस्त को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपना जवाब दिया। अभिनेत्री ने बेहद तीखे अंदाज में लिखा कि बाबा रामदेव को उनकी जवानी या बेडरूम को लेकर दिन में ख्याली पुलाव नहीं पकाने चाहिए।कंगना ने आगे अपने अंदाज में बाबा रामदेव पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी व्यक्ति के बारे में अफवाहों और गपशप के आधार पर ही अंदाजा लगाया जा सकता है। इसके बाद उन्होंने पतंजलि से जुड़े भ्रामक विज्ञापन मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें कम से कम ऐसे झूठे या भ्रामक दावों को लेकर सुप्रीम कोर्ट की फटकार का सामना नहीं करना पड़ा है।

'मुझे चरित्र का पाठ न पढ़ाएं'

कंगना यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने बाबा रामदेव को चरित्र को लेकर सलाह नहीं देने की बात कहते हुए अपने बचाव में तीखी टिप्पणी की। अभिनेत्री ने दावा किया कि उनका चरित्र बाबा रामदेव से बेहतर है और उनके खिलाफ किसी तरह की धोखाधड़ी सामने नहीं आई है।कंगना का यह जवाब सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के बयानों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। एक तरफ कंगना के Gen Z को लेकर मूल बयान पर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी तरफ बाबा रामदेव की टिप्पणी के जवाब में अभिनेत्री के इस्तेमाल किए गए शब्द भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।

किस मामले का किया सुप्रीम कोर्ट से कनेक्शन?

कंगना ने अपने जवाब में जिस सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई का जिक्र किया, वह साल 2024 में पतंजलि के भ्रामक विज्ञापनों से जुड़े मामले से संबंधित था। उस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पतंजलि के विज्ञापनों में बीमारियों के इलाज को लेकर किए गए दावों और आधुनिक चिकित्सा पद्धति के खिलाफ कथित टिप्पणियों पर आपत्ति जताई थी।अदालत के आदेशों के पालन में कमी को लेकर बाबा रामदेव और पतंजलि के प्रबंध निदेशक आचार्य बालकृष्ण को भी अदालत के सामने पेश होना पड़ा था। बाद में बाबा रामदेव ने अदालत से बिना शर्त माफी मांगी थी।इसी पुराने मामले का हवाला देते हुए कंगना ने बाबा रामदेव के उस बयान का जवाब दिया, जिसमें उन्होंने अभिनेत्री की सोच और चरित्र पर टिप्पणी की थी। अब दोनों के बीच हुई यह जुबानी जंग सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

Written By: Shivashakti Narayan Singh