आम आदमी पार्टी (AAP) और उसके राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच चल रहा विवाद अब और गहराता नजर आ रहा है। एक तरफ पार्टी के कुछ नेता उन पर भारतीय जनता पार्टी से दबाव में आने के आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर चड्ढा इन आरोपों को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा पर लगाया आरोप

इसी बीच AAP के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने एक नया दावा किया है, जिससे यह विवाद और तेज हो गया है, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि राघव चड्ढा ने अपने अकाउंट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ किए गए पुराने आलोचनात्मक पोस्ट हटा दिए हैं।

भारद्वाज ने कही ये बात

भारद्वाज के अनुसार, जब उन्होंने चड्ढा की टाइमलाइन को “Modi” और “BJP” जैसे कीवर्ड्स से खंगाला, तो कोई भी पुरानी आलोचनात्मक पोस्ट दिखाई नहीं दी। उनका कहना है कि अब केवल दो पोस्ट ऐसे बचे हैं जिनमें प्रधानमंत्री मोदी का जिक्र है, और दोनों में ही उनकी प्रशंसा की गई है।

'डिजिटल हिस्ट्री का सर्जिकल मिटाना...'

भारद्वाज यह भी आरोप लगाया कि AAP के अन्य नेताओं द्वारा पहले कोट किए गए ट्वीट्स भी अब नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे यह मामला सिर्फ सामान्य सफाई नहीं बल्कि “डिजिटल हिस्ट्री को व्यवस्थित तरीके से मिटाने” जैसा लगता है।  अपने बयान में भारद्वाज ने इसे एक सोची-समझी रणनीति बताया और कहा कि इस तरह टाइमलाइन को बदलना किसी बड़ी राजनीतिक तैयारी की ओर इशारा कर सकता है, उनके अनुसार, कभी मोदी और बीजेपी के मुखर आलोचक रहे राघव चड्ढा अब अपनी पुरानी छवि से दूरी बनाते दिख रहे हैं।

 Written By Toshi Shah