हाल के वर्षों में भारत में महिलाओं के बीच इंटरनेट उपयोग में तेज़ बढ़ोतरी देखी गई है। छठे राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे (NFHS-6, 2023-24) के अनुसार देश में लगभग 64 प्रतिशत महिलाएं ऐसी हैं जिन्होंने कभी न कभी इंटरनेट का उपयोग किया है। इसके मुकाबले NFHS-5 (2019-21) में यह आंकड़ा करीब 33 प्रतिशत था। यानी सिर्फ 4–5 सालों में इंटरनेट इस्तेमाल करने वाली महिलाओं की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है।

शहरी और ग्रामीण अंतर अभी भी साफ

शहरी क्षेत्रों में करीब 77.3 प्रतिशत महिलाओं ने इंटरनेट का उपयोग करने की बात कही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा लगभग 58.6 प्रतिशत है। इससे पता चलता है कि डिजिटल पहुंच बढ़ी है, लेकिन शहर और गांव के बीच अभी भी बड़ा अंतर बना हुआ है।

मोबाइल फोन के इस्तेमाल में भी यही स्थिति

सर्वे के मुताबिक 63.6 प्रतिशत महिलाओं के पास अपना मोबाइल फोन है। शहरी क्षेत्रों में यह संख्या 77.6% तक पहुंच जाती है, जबकि ग्रामीण इलाकों में सिर्फ 57.4 प्रतिशत महिलाओं के पास ही निजी मोबाइल फोन है।

कुल इंटरनेट उपयोगकर्ता और वैश्विक स्थिति

भारत में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या अब लगभग 96 करोड़ तक पहुंच चुकी है, जिसमें बड़ी हिस्सेदारी ग्रामीण क्षेत्रों की है। वहीं दुनिया में चीन इंटरनेट उपयोगकर्ताओं के मामले में सबसे आगे है, जहां यह संख्या करीब 1.3 अरब तक पहुंच चुकी है और वहां 80 प्रतिशत से अधिक आबादी इंटरनेट से जुड़ चुकी है।

 

 

 

Written By Toshi Shah