व्हाट्सऐप (WhatsApp) के नए यूजरनेम (Username) फीचर को लेकर चल रहे विवाद के बीच कंपनी ने केंद्र सरकार के नोटिस का जवाब दे दिया है। जानकारी के मुताबिक WhatsApp ने अपना पक्ष सरकार के सामने रख दिया है, जिसके बाद अब संबंधित विभाग कंपनी के जवाब की समीक्षा कर रहा है। इससे पहले केंद्र सरकार ने पिछले सप्ताह WhatsApp को नोटिस जारी कर इस फीचर को लेकर कई सवाल पूछे थे और फीचर की शुरुआत पर अस्थायी रोक लगाने को कहा था।
क्या पूरा मामला?
WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक ऐसा फीचर लाने की तैयारी कर रहा था, जिसमें लोग अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए बिना भी दूसरे यूजर्स से जुड़ सकेंगे। इसके लिए कंपनी ने कुछ यूजर्स को Username सुरक्षित करने का विकल्प भी देना शुरू किया था। इस फीचर के आने के बाद WhatsApp पर संपर्क करने के लिए किसी व्यक्ति का फोन नंबर लेना जरूरी नहीं रहता। यूजर Instagram और Facebook की तरह एक यूनिक Username के जरिए दूसरे लोगों से जुड़ सकते थे। हालांकि, सरकार की आपत्ति के बाद इस फीचर की लॉन्चिंग फिलहाल रोक दी गई है।
सरकार को Username फीचर से क्यों है चिंता?
इस फीचर को लेकर कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानियां साझा की थीं। कुछ लोगों का कहना था कि वे अपना पसंदीदा Username सुरक्षित नहीं कर पा रहे हैं और कोई दूसरा व्यक्ति उनके नाम का इस्तेमाल कर सकता है। सरकार की चिंता मुख्य रूप से साइबर सुरक्षा से जुड़ी है। अधिकारियों का मानना है कि अगर Username सिस्टम में पर्याप्त सुरक्षा नहीं हुई तो ठगी, फर्जी पहचान और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है। उदाहरण के तौर पर कोई व्यक्ति किसी बैंक, सरकारी संस्था या किसी प्रसिद्ध व्यक्ति के नाम से मिलता-जुलता Username बनाकर लोगों को भ्रमित कर सकता है। हालांकि, WhatsApp ने अपनी ओर से कहा है कि वह सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फीचर तैयार कर रहा है और इसमें जरूरी सुरक्षा उपाय शामिल किए गए हैं। कंपनी के अनुसार, फिलहाल इस फीचर को आम यूजर्स के लिए जारी नहीं किया गया है।
Telegram और Signal से भी मांगी गई जानकारी
WhatsApp के मामले के बाद सरकार ने उन मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स से भी जानकारी मांगी है, जहां Username की सुविधा पहले से मौजूद है। इनमें Telegram और Signal जैसे ऐप शामिल हैं। सरकार ने इन कंपनियों से पूछा है कि Username बनाने की प्रक्रिया क्या है और फर्जी या गलत पहचान वाले Username को रोकने के लिए कौन-कौन से सुरक्षा कदम उठाए जाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों कंपनियों को जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है और जल्द ही उनकी प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद है।
Written By Toshi Shah