गूगल ने हाल ही में अपने नए ऑडियो स्मार्ट ग्लासेस पेश किए हैं, जिन्हें Samsung और Qualcomm के साथ मिलकर विकसित किया गया है। कंपनी इन्हें “इंटेलिजेंट आईवियर” कह रही है और इनका मकसद Meta के Ray-Ban स्मार्ट ग्लासेस को टक्कर देना है। इनका डिजाइन Gentle Monster और Warby Parker के सहयोग से तैयार किया गया है, जिससे ये पहले से ज्यादा स्टाइलिश और हल्के नजर आते हैं।

सिर्फ ऑडियो से शुरुआत

इन ग्लासेस की शुरुआती वर्ज़न में कोई स्क्रीन नहीं होगी। ये पूरी तरह वॉयस कमांड और ऑडियो आउटपुट पर काम करेंगे। यूज़र को जवाब और जानकारी बिल्ट-इन स्पीकर के जरिए मिलेगी। इनमें कैमरा और माइक्रोफोन भी शामिल होंगे, जो Google के Gemini AI फीचर्स को सपोर्ट करेंगे। कंपनी भविष्य में डिस्प्ले वाले मॉडल पर भी काम कर रही है, जिनमें सिंगल या डुअल स्क्रीन शामिल हो सकती है।

AI फीचर्स होंगे सबसे खास

इन स्मार्ट ग्लासेस में Gemini AI को इंटीग्रेट किया गया है, जिससे यूज़र कई काम आसानी से कर सकेंगे। जैसे— चलते-फिरते सवाल पूछना, किसी चीज़ को देखकर उसके बारे में जानकारी पाना या गेम खेलते समय मदद लेना। इनमें नेविगेशन फीचर भी होगा, जो रास्ते को स्टेप-बाय-स्टेप गाइड करेगा। भविष्य में इसका “ऑलवेज-ऑन” मोड भी आ सकता है।

बेहतर ऑडियो एक्सपीरियंस

इन ग्लासेस में ऑडियो क्वालिटी पर खास ध्यान दिया गया है। यूज़र इससे म्यूजिक, पॉडकास्ट और ऑडियोबुक्स सुन सकेंगे। इन्हें ब्लूटूथ के जरिए टीवी और अन्य डिवाइसेज़ से भी जोड़ा जा सकेगा, जिससे सुनने का अनुभव और बेहतर होगा।

डिवाइसेज़ के साथ कनेक्टिविटी

डेमो में यह भी दिखाया गया कि ये स्मार्ट ग्लासेस स्मार्टवॉच के साथ कनेक्ट होकर काम कर सकते हैं। यानी जो फोटो या डेटा ग्लासेस से मिलेगा, उसे स्मार्टफोन के साथ-साथ घड़ी पर भी देखा जा सकेगा।

Written By Toshi Shah