West Bengal Election 2026: बंगाल चुनाव के लिए सीएम ममता बनर्जी ने 8 अप्रैल बुधवार को भवानीपुर सीट से बतौर तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। फिर उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि भवानीपुर के साथ-साथ बंगाल की सभी 294 सीटों पर वे TMC की जीत सुनिश्चित करें। मुझे सचमुच बहुत दुख है कि SIR के दौरान बंगाल की वोटर लिस्ट से इतने सारे नाम हटा दिए गए हैं। बता दें, नामांकन दाखिल करने से पहले सीएम ममता ने पैदल मार्च किया। इस दौरान टीएमसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पैदल चलकर नामांकन दाखिल करने पहुंचीं सीएम ममता

जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए अपने आवास से रवाना हुईं, तो उनके साथ समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद थी। उन्होंने हाथ जोड़कर सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभिवादन किया। इस दौरान वह लगभग 800 मीटर पैदल चलकर अलीपुर सर्वे बिल्डिंग पहुंचीं जहां उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया।

सुवेंदु और ममता बनर्जी होंगे आमने-सामने

बंगाल चुनाव में एक बार फिर भवानीपुर से विधायक रह चुकीं ममता बनर्जी का मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी से होगा। पिछले सप्ताह इस सीट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सुवेंदु अधिकारी ने अपना नामांकन दाखिल किया था। भवानीपुर की लड़ाई अब प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गई है और यह निर्वाचन क्षेत्र 2026 के विधानसभा चुनावों का केंद्र बन गया है।

भवानीपुर में रहते हैं सभी धर्मों के लोग

सबसे खास बात कि इस निर्वाचन क्षेत्र में बंगाली परिवारों के अलावा बड़ी संख्या में मारवाड़ी, गुजराती, पंजाबी, सिख और जैन आबादी रहती है। साथ ही एक बड़ी मुस्लिम आबादी का भी इलाके में निवास है। एक रिपोर्ट के मुताबिक भवानीपुर में लगभग 42 प्रतिशत मतदाता बंगाली हिंदू हैं, 34 प्रतिशत गैर-बंगाली हिंदू और लगभग 24 प्रतिशत मुस्लिम हैं। भवानीपुर के लगभग तीन-चौथाई मतदाता हिंदू हैं।

 Writen By: Geeta Sharma