आज देश के तीन राज्यों और एक केंद्रशासित (Union Territory) प्रदेश के लिए बड़ा दिन है। असम, केरलम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से ही मतदान शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से भारी संख्या में वोट डालने की अपील की है। शाम 6 बजे तक चलने वाली इस वोटिंग में जनता तय करेगी कि आने वाले 5 सालों के लिए सत्ता की चाबी किसके हाथ में होगी।

असम: 126 सीटों पर कड़ा मुकाबला
असम की सभी 126 सीटों पर आज एक साथ वोट डाले जा रहे हैं। यहाँ मुख्य मुकाबला सत्ताधारी दल और विपक्ष के बीच है। राज्य के करीब 2.5 करोड़ मतदाता आज 722 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। असम में बहुमत के लिए 64 का आंकड़ा चाहिए। खास बात ये है कि इस बार करीब पौने छह लाख युवा पहली बार वोट डाल रहे हैं, जो चुनाव के नतीजों में बड़ा रोल निभा सकते हैं।

केरलम: 140 सीटों पर कड़ा मुकाबला
केरलम में इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प है क्योंकि यहाँ तीन प्रमुख गुटों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिल रही है। 140 सीटों के लिए 833 उम्मीदवार मैदान में हैं और सरकार बनाने के लिए 71 का जादुई आंकड़ा पार करना होगा। केरलम में महिला वोटर्स की संख्या पुरुषों से ज्यादा है, जो यहाँ की राजनीति की दिशा तय करने में हमेशा से अहम रही हैं।

पुडुचेरी और उपचुनाव का हाल
पुडुचेरी की 30 सीटों पर भी आज ही मतदान हो रहा है। यहाँ की लगभग साढ़े नौ लाख जनता अपने नए प्रतिनिधियों को चुनने के लिए बूथों पर पहुँच रही है। इन बड़े राज्यों के साथ-साथ आज कर्नाटक की दो सीटों के अलावा नगालैंड और त्रिपुरा की एक-एक सीट पर भी उपचुनाव के लिए वोटिंग चल रही है।

4 मई को आएंगे नतीजे
आज हो रही इस वोटिंग के बाद सभी उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम (EVM) में कैद हो जाएगी। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। अब सभी की निगाहें 4 मई पर टिकी हैं, जिस दिन मतगणना होगी और साफ हो जाएगा कि इन राज्यों में किसकी सरकार बनने जा रही है।

Written by: Anushka sagar