आज के दौर में स्मार्टफोन लगभग हर व्यक्ति की जरूरत बन चुका है और इसके साथ ही Google Account भी लोगों की डिजिटल पहचान का अहम हिस्सा बन गया है। यह केवल ईमेल इस्तेमाल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आपकी तस्वीरें, संपर्क नंबर, पासवर्ड, दस्तावेज़ और अन्य महत्वपूर्ण निजी जानकारी भी सुरक्षित रहती है। ऐसे में यदि आपका Google Account किसी गलत व्यक्ति के हाथ लग जाए, तो आपकी व्यक्तिगत जानकारी जोखिम में पड़ सकती है। इसी खतरे से बचाने के लिए Google कई सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराता है। यदि इन फीचर्स का सही तरीके से उपयोग किया जाए, तो अकाउंट को काफी हद तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
आइए जानते हैं उन पांच महत्वपूर्ण सेटिंग्स के बारे में।
नियमित रूप से करें Security Checkup
Google का Security Checkup टूल आपके अकाउंट की सुरक्षा का पूरा आकलन करता है। इसके जरिए आप यह देख सकते हैं कि किन-किन डिवाइस पर आपका अकाउंट लॉग इन है और हाल ही में कौन-कौन सी गतिविधियां हुई हैं। यदि कोई अनजान डिवाइस दिखाई दे, तो उसे तुरंत हटाया जा सकता है। इसलिए समय-समय पर इस फीचर का उपयोग करना जरूरी है।
Password Manager में सेव पासवर्ड की करें जांच
Google Password Manager आपके सेव किए गए पासवर्ड की सुरक्षा पर नजर रखता है। यदि कोई पासवर्ड कमजोर हो या किसी डेटा लीक का हिस्सा बन चुका हो, तो Google आपको उसे बदलने की सलाह देता है। बेहतर सुरक्षा के लिए हर वेबसाइट और ऐप के लिए अलग और मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करना चाहिए।
Recovery Phone Number और Recovery Email अपडेट रखें
अगर कभी आप अपना पासवर्ड भूल जाएं या किसी वजह से अकाउंट लॉक हो जाए, तो रिकवरी फोन नंबर और रिकवरी ईमेल अकाउंट वापस पाने में मदद करते हैं। इसलिए यह सुनिश्चित करें कि दोनों जानकारियां हमेशा सही और अपडेट रहें।
Two-Step Verification जरूर करें चालू
Google का Two-Step Verification (2FA) फीचर अकाउंट की सुरक्षा को एक अतिरिक्त स्तर प्रदान करता है। इसे सक्रिय करने के बाद केवल पासवर्ड डालकर लॉग इन नहीं किया जा सकता। इसके साथ आपके मोबाइल पर भेजा गया ओटीपी या ऑथेंटिकेटर ऐप से प्राप्त कोड भी दर्ज करना होता है। इससे पासवर्ड लीक होने की स्थिति में भी अकाउंट सुरक्षित रहता है।
अनावश्यक Third-Party Apps की अनुमति हटाएं
अक्सर लोग अलग-अलग वेबसाइट और ऐप्स में Google Account से साइन इन कर देते हैं। समय बीतने के बाद कई ऐप्स का इस्तेमाल बंद हो जाता है, लेकिन उन्हें अकाउंट की अनुमति मिलती रहती है। इसलिए समय-समय पर अपने अकाउंट की जांच करें और जिन ऐप्स की जरूरत नहीं है या जो भरोसेमंद नहीं हैं, उनकी एक्सेस तुरंत हटा दें।
Written By Toshi Shah