.png)
दुनिया के कई देश आतंकवाद से जूझ रहे हैं, समय के साथ आतंकी भी अपने तरीकों में बदलाव कर रहे हैं। आपने राजनीतिक, राज्य समर्थित और साइबर आतंकवाद के बारे में सुना होगा, लेकिन इस बीच एग्रो टेरेरिज्म नाम का नया आतंकवाद भी सामने आया है। इसे लेकर अमेरिका के एक चीनी मामलों के प्रमुख एक्सपर्ट ने अमेरिकी सरकार को बीजिंग के साथ संबंधों को तोड़ने की भी अपील की है।
एक्सपर्ट ने संबंधों को पूरी तरह से तोड़ने के साथ ही ये चेतावनी भी दी है कि अगर अमेरिका ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई नहीं की तो देश को कोरोना से भी बदतर खतरे का सामना करना पड़ सकता है। बता दें कि एक्सपर्ट का यह बयान तब आया है जब अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने एक जहरीले फंगस की तस्करी करने के आरोप में दो चीनी नागरिकों को गिरफ्तारी किया है।
अमेरिका में फंगस की तस्करी
बता दें कि अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई ने 03 जून को यून्किंग जियान और जुनयोंग लियू नाम के दो चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। दोनों के पास से फ्यूजेरियम ग्रामिनेरियम नामक खतरनाक फंगस बरामद किया है, जो फसलों को बरबाद कर सकता है। जानकारी के अनुसार फंगस चीन से तस्करी कर के अमेरिका लाया गया था।
दोनों चीनी नागरिकों को अमेरिका में तस्करी करने, झूठा बयान देने और वीजा में धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि दोनों के पास से बरामद की गई फंगस का उपयोग एग्रीकल्चरल टेरेरिज्म के हथियार के तौर पर किया जाता है। यह फंगस फसलों में रोग पैदा करके उन्हें पूरी तरीके से खराब कर देता है। इस फंगस से अमेरिका को अरबों डॉलर का नुकसान हो सकता था।
अमेरिकी विश्लेषक गॉर्डन जी. चांग ने कही ये बात
यून्किंग जियान और जुनयोंग लियू की गिरफ़्तारी के बाद एक अमेरिकी मीडिया संस्था से बात करते हुए चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की गतिविधियों के प्रमुख विश्लेषक गॉर्डन जी. चांग ने इसे अमेरिका पर हमला बताया था। इस दौरान चांग ने चेतावनी भी दी कि यह चीन का अमेरिका को अंदर से अस्थिर करने का एक सीक्रेट मिशन भी हो सकता है। उन्होंने आगे कहा कि इसे रोकने का बस एक ही तरीका है कि अमेरिका चीन के साथ संबंध तोड़ दे।
कितना नुकसान कर सकता है ये फंगस
अमेरिका में गिरफ्तार इन चीनी नागरिकों पर जिस फ्यूजेरियम ग्रैमिनियरम नाम के फंगस की तस्करी का आरोप है, वो गेहूं, जौ और मकई जैसी फसलों को खराब करता है। इसके साथ ही ये फंगस फ्यूजेरियम हेड ब्लाइट (FHB) या स्कैब नाम की बीमारी का कारण भी होता है। अगर फसलों में ये फंगस लग जाए तो उनकी गुणवत्ता और पैदावार बेहद कम हो जाती है।
-Shraddha Mishra