.jpg)
Donald Trump: अमेरिकी राजनीति और धर्म के बीच तनाव एक बार फिर सुर्खियों में है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया। जिससे विवाद छिड़ गया है। वायरल पोस्ट एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाई गई तस्वीर थी। जिसमें ट्रंप खुद को ईसा मसीह के रूप में प्रस्तुत करते नजर आए। बता दें, तस्वीर में उन्हें एक बीमार व्यक्ति को छूकर ठीक करते हुए दिखाया गया है, जो बाइबिल में वर्णित लाजरस को पुनर्जीवित करने की घटना का प्रतीक माना जा रहा है।
पोस्ट के जरिए पोप के विचारों पर ट्रंप का तंज
इस डिजिटल तस्वीर में ट्रंप लंबे चोंगा में दिखाई देते हैं और उनके आसपास अमेरिकी झंडा, सैन्य विमान और स्वर्गदूत जैसी आकृतियां भी नजर आती हैं। इस पोस्ट को उन्होंने ऐसे समय पर साझा किया जब उन्होंने हाल ही में पोप लियो की कड़ी आलोचना की थी। ट्रंप ने पोप के विचारों को विदेश नीति के संदर्भ में कमजोर और अप्रभावी बताया था।
'वैश्विक सुरक्षा के मुद्दों पर चुप रहते हैं पोप'
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर दावा किया कि यदि वे राष्ट्रपति नहीं चुने गए होते, तो पोप फ्रांसिस के निधन के बाद पोप लियो को यह पद नहीं मिलता। उन्होंने पोप पर यह आरोप भी लगाया कि वे ईरान जैसे देशों के प्रति नरम रुख अपनाते हैं और वैश्विक सुरक्षा के मुद्दों पर पर्याप्त सख्ती नहीं दिखाते।
'ऐसा पोप स्वीकार नहीं, जो अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की आलोचना करे'
अपने बयान में ट्रंप ने कहा कि उन्हें ऐसा पोप स्वीकार नहीं है जो यह मानता हो कि ईरान के पास परमाणु हथियार होना ठीक है या जो अमेरिकी सैन्य कार्रवाइयों की आलोचना करता हो। उन्होंने अपनी विदेश नीति का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें जनता ने सख्त कानून-व्यवस्था और मजबूत अंतरराष्ट्रीय रुख अपनाने के लिए चुना है।
पोप ने किया शांति और कूटनीति की अपील
दूसरी ओर, पोप लियो ने वैश्विक संघर्षों, विशेष रूप से मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को लेकर शांति और कूटनीति की अपील की है। उन्होंने सैन्य हस्तक्षेप के बजाय संवाद और मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया है। उल्लेखनीय है कि पोप लियो अमेरिका में जन्मे पहले पोप हैं और वे लगातार अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर संतुलित और शांतिपूर्ण समाधान की वकालत करते रहे हैं। इस पूरे मामले ने राजनीतिक और धार्मिक सीमाओं के बीच संतुलन को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है, जिसमें सोशल मीडिया की भूमिका भी अहम बनकर सामने आई है।
Writen By: Geeta Sharma










.jpg)
.jpg)
.jpg)


