
उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी का कहर लगातार जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार, 10 जून को राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में लू चलने की आशंका है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर: तापमान 45 डिग्री के पार, 12 जून से राहत की उम्मीद
दिल्ली-NCR में आने वाले तीन दिनों तक भीषण गर्मी बनी रहेगी। तापमान 45°C के पार पहुंच सकता है। हालांकि, 12 जून से मौसम में बदलाव के आसार हैं। 12 से 14 जून के बीच तेज हवाएं और बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश-बिहार: मानसून की दस्तक की संभावना
उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों के भीतर प्री-मानसून की शुरुआत हो सकती है। खासकर पूर्वी यूपी में मानसून की पहली बारिश का अनुमान है। इसके बाद यह पश्चिमी हिस्सों की ओर बढ़ेगा।
बिहार में भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं, हालांकि आज बारिश की संभावना नहीं है।
मध्य प्रदेश: दक्षिण में आंधी-बारिश, ग्वालियर-चंबल में लू का अलर्ट
मध्य प्रदेश के दक्षिणी जिलों में सोमवार को आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे क्षेत्रों में गर्मी का प्रभाव जारी रहेगा। 10 और 11 जून को ग्वालियर और चंबल संभाग में हीटवेव का खतरा बना रहेगा।
पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, और दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश में भी मूसलधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
Published By-Anjali Mishra