.png)
ईरान में फंसे भारतीयों का एक और खेप मंगलवार को दिल्ली पहुंच चुका है। इस विमान में कुल 292 भारतीय नागरिक थे जिन्हें ऑपरेशन सिंधु के तहत भारत वापस लाया गया। वहीं, विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार 'ऑपरेशन सिंधु' के तहत अब तक 2295 भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाया जा चुके हैं, जिसमें स्टूडेंट्स सहित तीर्थयात्री और अन्य लोग भी शामिल हैं।
रणधीर जायसवाल ने दी जानकारी
विदेश मंत्रालय (MEA) के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए इस बात की जानकारी दी। स्वदेश लौटे भारतीयों की फोटो शेयर करते हुए उन्होंने पोस्ट पर लिखा कि, "ऑपरेशन सिंधु अपडेट। 24 जून को सुबह 0330 बजे मशहद से नई दिल्ली पहुंची एक विशेष उड़ान से 292 भारतीय नागरिकों को ईरान से निकाला गया। अब तक 2295 भारतीय नागरिकों को ईरान से स्वदेश लाया जा चुका है।"
नागरिकों ने वापसी पर जताई खुशी
ईरान से लौटे भारतीय नागरिकों ने भारत आकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान ईरान से वापस लौटी पंजाब निवासी बलजिंदर कौर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, "बहुत अच्छा लग रहा है। अपना देश अपना ही है। लेकिन वहां भी (ईरान में) हमें कभी कोई मुश्किल नहीं आई। पिछले कुछ दिनों में हालात बदल गए हैं, वरना हम वहां भी सुरक्षित रहते हैं। मैं 21 साल से वहां रह रही हूं। मैं वहां हिंदी टीचर के तौर पर काम करती हूं...यह गर्व की बात है कि जब भी देश या हमारे नागरिकों पर ऐसी कोई मुश्किल आती है, तो हमारी सरकार उनके साथ खड़ी होती है। हमारे राजदूत और पूरे दूतावास का बहुत धन्यवाद जिन्होंने हमें सुरक्षित यहां तक पहुंचाया।"
#WATCH दिल्ली: ईरान से भारत पहुंची बलजिंदर कौर ने बताया, "...बहुत अच्छा लग रहा है। अपना देश अपना ही है। लेकिन वहां भी (ईरान में) हमें कभी कोई मुश्किल नहीं आई। पिछले कुछ दिनों में हालात बदल गए हैं, वरना हम वहां भी सुरक्षित रहते हैं। मैं 21 साल से वहां रह रही हूं। मैं वहां हिंदी… https://t.co/ZsSrzwbWdy pic.twitter.com/qpRZdBIw4g
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 24, 2025
वहीं, नागपुर की ज़ीवा जाफ़री ने ईरान से वापस आई हैं, ने कहा, "हम बहुत आभारी हैं, बहुत खुश हैं। यह बहुत अच्छा लग रहा है। हमारी उड़ान 19 जून के लिए निर्धारित थी, लेकिन इसे रद्द कर दिया गया। हम चिंतित थे, लेकिन यहाँ आकर हमें राहत मिली है।"
#WATCH ऑपरेशन सिंधु के तहत विशेष फ्लाइट में ईरान से भारत पहुंची ज़ीवा जाफ़री ने बताया, "हम बहुत आभारी हैं, बहुत खुश हैं। हमारी उड़ान 19 जून को निर्धारित थी, लेकिन वो रद्द को गई। हम बहुत बेचैन थे, लेकिन यहाँ आज पहुंचकर हमें बहुत खुशी मिली।" pic.twitter.com/apb3x2zy7L
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 24, 2025
क्या है ऑपरेशन सिंधु
ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष में ईरान में फंसे भारतीय छात्रों ने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। जिसके बाद भारत सरकार ने बिगड़ते हालात को देखते हुए ईरान से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए 18 जून को ऑपरेशन सिंधु शुरू किया था। ईरान से निकाले गए 110 भारतीय नागरिकों का पहला जत्था 19 जून को भारत पहुंचा था। वहीं, ऑपरेशन सिंधु के तहत लगातार संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों से अपने नागरिकों को वापस लाने के भारत सरकार प्रयास कर रही है।
इजराइल-ईरान संघर्ष
इजराइल-ईरान के बीच संघर्ष तब शुरू हुआ जब 13 जून को इजराइल ने ईरान के सैन्य और परमाणु ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमला किया था। इजराइल ने अपनी इस कार्रवाई को "ऑपरेशन राइजिंग लॉयन" नाम दिया था। इसके जवाब में ईरान ने बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल अभियान 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 3' शुरू किया था। दोनों देशों के बीच चल रहा ये संघर्ष खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है।
-Shraddha Mishra