Dharmendra Pradhan News: NEET 2026 पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है। उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अपना इस्तीफा पीएम मोदी को सौंपा है, इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए दिया। इसी बीच लोगों की दिलचस्पी धर्मेंद्र प्रधान की निजी संपत्ति, आय और परिवार की आर्थिक स्थिति को जानने में भी बढ़ गई है।

2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे के अनुसार, धर्मेंद्र प्रधान और उनके परिवार की कुल घोषित संपत्ति लगभग ₹6.92 करोड़ है। हालांकि, परिवार पर ₹53.38 लाख की देनदारियां भी दर्ज हैं।

पत्नी की आय परिवार की कमाई का बड़ा हिस्सा

हलफनामे में वित्त वर्ष 2022-23 की आय का भी विवरण दिया गया है। इसके अनुसार, धर्मेंद्र प्रधान की वार्षिक आय ₹12.75 लाख रही, जबकि उनकी पत्नी मृदुला ठाकुर की सालाना आय ₹49.92 लाख दर्ज की गई। इस तरह परिवार की कुल आय में उनकी पत्नी का योगदान कहीं अधिक है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि परिवार की आय का प्रमुख स्रोत केवल राजनीति नहीं, बल्कि अन्य वैध आय के स्रोत भी हैं।

बैंक जमा, म्यूचुअल फंड और बीमा में बड़ा निवेश

धर्मेंद्र प्रधान और उनके परिवार ने अपनी पूंजी का बड़ा हिस्सा सुरक्षित निवेश साधनों में लगाया है। हलफनामे के मुताबिक बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) में परिवार के कुल ₹2.47 करोड़ जमा हैं। इसके अलावा, परिवार ने ₹80.40 लाख का निवेश म्यूचुअल फंड में किया है। वहीं विभिन्न जीवन बीमा योजनाओं में उनका कुल निवेश ₹67.72 लाख बताया गया है। यह दर्शाता है कि परिवार ने दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निवेश किया है।

ओडिशा और दिल्ली-एनसीआर में अचल संपत्तियां

धर्मेंद्र प्रधान के पास ओडिशा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कई अचल संपत्तियां हैं। हलफनामे के अनुसार, उनके नाम ₹12 लाख मूल्य की कृषि भूमि और ₹20.50 लाख की गैर-कृषि भूमि दर्ज है। इसके अलावा, धर्मेंद्र प्रधान और उनकी पत्नी के नाम पर करीब ₹1.98 करोड़ मूल्य की आवासीय संपत्तियां हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में स्थित एक फ्लैट और ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में एक आवास शामिल है।

पत्नी के पास कितना सोना है?

चल संपत्तियों में सोना और चांदी भी शामिल हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार, धर्मेंद्र प्रधान के पास 200 ग्राम सोना और 2.5 किलोग्राम चांदी है। वहीं उनकी पत्नी मृदुला ठाकुर के पास 500 ग्राम सोना और 10 किलोग्राम चांदी दर्ज है। इसके अलावा, धर्मेंद्र प्रधान के नाम पर 2011 मॉडल की होंडा सिटी कार भी है, जबकि उनकी पत्नी के नाम कई वाणिज्यिक वाहन पंजीकृत हैं।

कितना है कर्ज?

संपत्ति के साथ-साथ परिवार की देनदारियों का भी उल्लेख किया गया है। हलफनामे के मुताबिक धर्मेंद्र प्रधान पर पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और आईडीबीआई बैंक का कुल ₹31.38 लाख का ऋण है। कुल मिलाकर परिवार की घोषित देनदारियां ₹53.38 लाख हैं।

लंबे समय से सक्रिय हैं राजनीति में

धर्मेंद्र प्रधान का जन्म 26 जून 1969 को ओडिशा के तालचर में हुआ था। वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। उनके पिता डॉ. देवेंद्र प्रधान भी भाजपा के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री का दायित्व संभाल चुके थे। धर्मेंद्र प्रधान ने संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं और लंबे समय से राष्ट्रीय राजनीति का सक्रिय चेहरा रहे हैं।

Written By: Geeta Sharma