उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विधानसभा में 59,019.54 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। बजट पेश किए जाने के दौरान सदन में विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने लगातार नारेबाजी और हंगामा किया। वित्त मंत्री द्वारा पेश किए गए अनुपूरक बजट में कुल 59,01,954.10 लाख रुपये की अनुपूरक मांगों का प्रस्ताव रखा गया है। इसमें राजस्व लेखे के व्यय के लिए 17,399.50 करोड़ रुपये और पूंजी लेखे के व्यय के लिए 41,620.04 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

सरकार के अनुसार, अनुपूरक बजट का बड़ा हिस्सा पूंजीगत मदों पर खर्च किया जाएगा, जिससे विकास योजनाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों को गति देने का लक्ष्य है। वहीं, राजस्व मद के तहत विभिन्न विभागों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान किया गया है। बजट भाषण के दौरान विपक्षी विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने नारे लगा रहे सपा विधायकों से कहा कि उन्हें सदन की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा, "आप लोग कुछ अच्छी बात भी सीखकर आया करिये।" सरकार ने अनुपूरक बजट को प्रदेश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है, जबकि विपक्ष ने सदन में विरोध दर्ज कराया।

Written by Rozi Sinha