UP Legislature Monsoon Session 2026: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार यह सत्र 3 से 6 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट पेश करेगी, संभल हिंसा की न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखेगी और कई अध्यादेशों के स्थान पर नए विधेयक भी पेश किए जा सकते हैं।

सत्र के पहले दिन 3 अगस्त को दिवंगत समाजवादी पार्टी विधायक आलमबदी के निधन पर शोक प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी। 4 अगस्त को दोपहर 12:20 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक अनुदानों की मांगें सदन में पेश की जाएंगी। माना जा रहा है कि अनुपूरक बजट में सरकार नई योजनाओं और जनहित से जुड़े कई अहम ऐलान कर सकती है।

5 अगस्त को विधायी कार्य संपन्न होंगे, जबकि 6 अगस्त को अनुपूरक बजट पर चर्चा कर उसे पारित कराने की प्रक्रिया होगी। इस दौरान सरकार कई नए विधेयक भी सदन में पेश कर सकती है।

मानसून सत्र का सबसे चर्चित विषय संभल हिंसा की न्यायिक जांच रिपोर्ट होगी। 24 नवंबर 2024 को शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के दौरान हुई हिंसा की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय आयोग की रिपोर्ट इसी सत्र में सदन के पटल पर रखी जाएगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) के प्रतिवेदन भी सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे।

गौरतलब है कि योगी सरकार इससे पहले वित्तीय वर्ष 2026-27 का 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक का मूल बजट पारित कर चुकी है। पिछले सत्र के बाद सरकार नौ अध्यादेश लागू कर चुकी है, जिनमें राजस्व संहिता संशोधन, निजी विश्वविद्यालय संशोधन, लोक सेवा अधिकरण संशोधन तथा वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय से जुड़े अध्यादेश शामिल हैं। अब सरकार इन अध्यादेशों के स्थान पर प्रतिस्थानी विधेयक सदन में पेश कर सकती है।

और पढे़ं:  UP Election: बीजेपी का 'मास्टर प्लान'! विधायकों के परफॉर्मेंस सर्वे से तय होंगे टिकट, पूछे जाएंगे ये 8 तीखे सवाल 

Written by Shailesh Yadav