थाईलैंड के फुकेत से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट मंगलवार को अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। हवा में आए इस तेज झटके के कारण विमान की ऊंचाई में कुछ समय के लिए बदलाव हुआ, जिससे यात्रियों और क्रू मेंबर्स को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना में कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
फ्लाइट के दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करने से पहले ही यात्रियों की मदद के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीम को तैयार रखा गया था। विमान से उतरने के दौरान घायल यात्रियों को व्हीलचेयर के जरिए बाहर लाया गया और उनकी जांच की गई। जरूरत पड़ने पर कुछ यात्रियों को अस्पताल भी भेजा गया।
यात्रियों ने बताया डरावना अनुभव
एक यात्री ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया कि यह घटना मंगलवार सुबह की है। जब ज्यादातर यात्री आराम कर रहे थे, तभी अचानक विमान तेज झटकों का शिकार हो गया। यात्री के मुताबिक कुछ मिनटों तक विमान में काफी हलचल रही, जिससे कई लोग अपनी सीटों से हिल गए। यात्री ने बताया कि इस दौरान कुछ लोगों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। उनके अनुसार विमान में 100 से ज्यादा यात्री मौजूद थे, जिनमें करीब 15 से 20 लोगों के घायल होने की जानकारी है। एक यात्री के भाई को कंधे में गंभीर चोट आने की बात भी सामने आई।
एयर इंडिया ने जारी किया बयान
घटना के बाद एयर इंडिया ने बताया कि फ्लाइट AI2379 ने फुकेत से दिल्ली के सफर के दौरान खराब मौसम के कारण कुछ समय के लिए टर्बुलेंस का सामना किया। एयरलाइन के अनुसार विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंच गया। एयर इंडिया ने कहा कि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिनके लिए एयरपोर्ट पर ही चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। जरूरत के अनुसार कुछ यात्रियों को आगे के इलाज के लिए अस्पताल भी भेजा गया।घटना के बाद यात्रियों में चिंता और नाराजगी देखने को मिली है। कई यात्रियों ने इस मामले में एयरलाइन से जवाबदेही की मांग की है।
Written by Rozi Sinha