मुंबई। फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने झारखंड में 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL) परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन पर चिंता व्यक्त की है।

'दबंग' फिल्म की अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे प्रदर्शन और उसके कारणों को दिखाया गया था।

वीडियो साझा करते हुए सोनाक्षी ने लिखा, "यह देखकर बहुत दुख होता है कि हमारे देश के छात्रों को इस तरह की परिस्थितियों से गुजरना पड़ रहा है। यह कब रुकेगा?"

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिया आश्वासन

इस बीच, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार छात्रों की चिंताओं के प्रति संवेदनशील है और उसकी "आंखें और कान खुले हैं।"

पत्रकारों से बातचीत में सोरेन ने आश्वासन दिया कि सरकार छात्रों की शिकायतों का समाधान करेगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच पूरी होने के बाद न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले में चल रही जांच की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और उसके निष्कर्ष छात्रों तथा राज्य की जनता के सामने रखे जाएंगे।

यह भी पढ़ें: 'सीना चीरकर नहीं दिखा सकता...', छात्र आंदोलन को लेकर ये क्या कह गए सीएम हेमंत सोरेन

गौरतलब है कि छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने रविवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की है। वे भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारी 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) को रद्द करने तथा TDPL एजेंसियों के माध्यम से आयोजित परीक्षाओं की समीक्षा कराने की मांग कर रहे हैं।

Written By: Pradeep Singh