फ्रांस के एवियन में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता हुई। लगभग एक वर्ष बाद हुई इस मुलाकात में दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला, जिसने भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती को रेखांकित किया।
ट्रंप की बात पर हंसने लगे मोदी
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की शैली और नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा की, उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि मोदी बेहद शांत और सौम्य व्यक्तित्व वाले दिखाई देते हैं, लेकिन जब व्यापारिक बातचीत की बात आती है तो वे बेहद दृढ़ और प्रभावशाली वार्ताकार साबित होते हैं। ट्रंप की इस टिप्पणी पर प्रधानमंत्री मोदी मुस्कुराते नजर आए।
भारत और अमेरिका के बीच लगातार हो रहे संबंध मजबूत
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका के बीच संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उनके अनुसार दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक स्तर पर सबसे सक्षम बातचीत करने वाले नेताओं में शामिल हैं। ट्रंप ने दोनों देशों की साझेदारी को विशेष बताते हुए कहा कि उनके और प्रधानमंत्री मोदी के बीच व्यक्तिगत संबंधों के साथ-साथ भारत और अमेरिका के बीच भी गहरा विश्वास मौजूद है। उन्होंने विश्वास जताया कि द्विपक्षीय रिश्ते पहले से कहीं अधिक मजबूत स्थिति में हैं।
पीएम मोदी ने कही सकारात्मक बातें
प्रधानमंत्री मोदी ने भी बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि पिछली उच्चस्तरीय वार्ता के बाद दोनों देशों के सहयोग में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, उन्होंने बताया कि व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, प्रौद्योगिकी और जन-से-जन संपर्क जैसे क्षेत्रों में साझेदारी लगातार विस्तार पा रही है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि दोनों देशों की सरकारी टीमें निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए नियमित रूप से संपर्क में हैं और विभिन्न परियोजनाओं पर मिलकर काम कर रही हैं। उनके अनुसार भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक सहयोग भविष्य में और अधिक व्यापक होने की संभावना रखता है।
Written By Toshi Shah