Maharashtra News: महाराष्ट्र विधान भवन में चल रहे बजट सत्र के दौरान को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक विधान भवन के आधिकारिक ई-मेल अकाउंट पर एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर में बम होने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी और पूरे परिसर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने एहतियातन विधान भवन परिसर को तुरंत खाली करा दिया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। सुरक्षा एजेंसियों ने भवन के हर हिस्से की जांच शुरू कर दी है और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस ने विधान भवन की बढ़ाई सुरक्षा

दरअसल, इस समय महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है, जिसके चलते परिसर में बड़ी संख्या में विधायक, मंत्री और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी मौजूद थे। कई VIP नेताओं की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने विधान भवन के सभी एंट्री और एग्जिट गेट अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं। जब तक सर्च ऑपरेशन पूरा नहीं हो जाता, किसी को भी परिसर में प्रवेश या बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। आम जनता के साथ-साथ मीडियाकर्मियों की एंट्री भी फिलहाल रोक दी गई है।

विधान भवन के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। सुरक्षा एजेंसियां परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच कर रही हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को पूरी तरह खत्म किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जब तक पूरी जांच समाप्त नहीं हो जाती और सुरक्षा एजेंसियां संतुष्ट नहीं हो जातीं, तब तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी ही रहेगी।

ई-मेल के जरिए मिली धमकी

दूसरी ओर, धमकी भरे ई-मेल की जांच भी शुरू कर दी गई है। Mumbai Police की साइबर सेल इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह ई-मेल किसने और कहां से भेजा। तकनीकी टीम ई-मेल को बैक-ट्रैक कर संदिग्ध तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल आरोपी अज्ञात है और जांच जारी है।
हालांकि अब तक चल रहे सर्च ऑपरेशन में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहतीं। इसलिए पूरे परिसर की गहन तलाशी जारी है। जांच पूरी होने और परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही सामान्य गतिविधियां फिर से शुरू की जाएंगी।

Writen By: Geeta Sharma