Lucknow News: राजधानी में अपना आशियाना बनाने की चाहत रखने वाले कम आय वर्ग के परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) किफायती घर चाहने वालों के लिए एक नई आवासीय योजना लॉन्च करने जा रहा है। प्राधिकरण द्वारा तैयार किए जा रहे जोनल डेवलपमेंट प्लान के तहत कम आय वर्ग और सीमित संसाधनों वाले परिवारों को ध्यान में रखकर 18,113 नए किफायती मकान बनाए जाएंगे। इस पहल से करीब 90 हजार से अधिक नागरिकों को सीधे लाभ मिलने का अनुमान है।
क्लस्टर-2 में चिह्नित की गई जमीन
एलडीए के सर्वे में सामने आया है कि क्लस्टर-2 (सुल्तानपुर रोड से कानपुर रोड के बीच) के क्षेत्र में अफोर्डेबल हाउसिंग की भारी कमी है। इसी आवश्यकता को देखते हुए विकास प्राधिकरण ने इस पूरे बेल्ट में किफायती मकानों की योजना तैयार की है। जोनल डेवलपमेंट प्लान के नक्शे में ही इन मकानों के निर्माण के स्थान चिह्नित कर दिए गए हैं और संबंधित भूमि को आवासीय उपयोग के लिए प्रस्तावित कर दिया गया है।
योजना की मुख्य विशेषताएं
प्रस्तावित किफायती आवासों का क्षेत्रफल लगभग 800 वर्ग फुट रखा जाएगा। इन आवासों के निर्माण के लिए लगभग 53.83 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता आंकी गई है, जबकि योजना के तहत कुल 61.66 हेक्टेयर भूमि आरक्षित की गई है।शहर के विस्तार को देखते हुए 5 प्रमुख स्थल चिह्नित किए गए हैं, जिनमें लखनऊ-रायबरेली रोड, किसान पथ, बक्कास रेलवे स्टेशन क्षेत्र और सुल्तानपुर रोड के आसपास के इलाके शामिल हैं।
क्लस्टर-1 में पहले से पर्याप्त आवास
सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, क्लस्टर-1 (अयोध्या रोड से सुल्तानपुर रोड के बीच) में अफोर्डेबल आवासों की कोई कमी नहीं है। वहां पहले से ही जरूरत के मुताबिक मकान बने हुए हैं और नए निर्माण जारी हैं। इसलिए जोनल प्लान में क्लस्टर-1 में नए मकानों का प्रस्ताव नहीं रखा गया है।
सुल्तानपुर रोड से कानपुर रोड के बीच बनने वाले इन नए फ्लैट्स से न केवल लखनऊ, बल्कि आसपास के जिलों से आकर बसने वाले परिवारों की भी आवासीय मांग पूरी हो सकेगी। बेहतर परिवहन सुविधाओं और भविष्य के शहरी विस्तार को ध्यान में रखकर चुनी गई इन लोकेशन्स पर लोगों को एक बेहतर और सुविधायुक्त माहौल मिलने की उम्मीद है।
और पढे़ं:
Written By Shailesh Yadav