आमतौर पर मकान मालिक और किरायेदार के बीच विवाद या अनबन की खबरें सुनने को मिलती रहती हैं, लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आई एक घटना ने लोगों का नजरिया बदल दिया है। बेंगलुरु में रहने वाली सॉफ्टवेयर इंजीनियर कृतिका कुमारी ने अपने मकान मालिक से जुड़ा एक अनुभव साझा किया, जिसे इंटरनेट पर खूब सराहा जा रहा है।

कृतिका ने बताई स्टोरी

कृतिका ने बताया कि वह किराए के फ्लैट में रहती हैं और उनकी योजना जुलाई के अंत तक घर खाली करने की थी। हालांकि, समय पर नया घर नहीं मिलने के कारण उन्होंने अपने मकान मालिक से संपर्क कर कुछ और महीनों तक उसी फ्लैट में रहने की अनुमति मांगी, उन्हें लगा था कि शायद मकान मालिक किराया बढ़ाने की बात करेंगे या अनुरोध ठुकरा देंगे, लेकिन जवाब उनकी उम्मीद से बिल्कुल अलग था। मकान मालिक ने बेहद स्नेहपूर्ण अंदाज में लिखा कि वे चाहते हैं कि कृतिका लंबे समय तक वहीं रहें और घर छोड़कर न जाएं। इस संदेश का स्क्रीनशॉट कृतिका ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

बड़ी संख्या में लोग दे रहें है प्रतिक्रिया

पोस्ट पर बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने मकान मालिक के व्यवहार की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे समझदार और सहयोगी मकान मालिक बहुत कम देखने को मिलते हैं। कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में सलाह भी दी कि इतने अच्छे मकान मालिक मिलने पर घर बदलने का विचार छोड़ देना चाहिए। सोशल मीडिया पर इस घटना को सकारात्मक रिश्तों की मिसाल माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि मकान मालिक और किरायेदार के बीच इसी तरह सम्मान और सहयोग का रिश्ता हो, तो दूसरे शहरों में रहने वाले लोगों का जीवन काफी आसान और सुखद हो सकता है।

 

Written By Toshi Shah