कर्नाटक सरकार के मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी. सुधाकर का निधन हो गया। वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनका इलाज जारी था। उनके निधन पर राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि डी. सुधाकर उनके बेहद करीबी सहयोगी थे और सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर शेयर किया भावुक संदेश

उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने अपने संदेश में लिखा कि डी. सुधाकर ने हिरियूर से विधायक, चित्रदुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री और राज्य के योजना एवं सांख्यिकी मंत्री के रूप में उल्लेखनीय कार्य किया। उन्होंने कहा कि उनके निधन से न केवल कांग्रेस पार्टी बल्कि पूरे राज्य की राजनीति को बड़ी क्षति पहुंची है।

कर्नाटक कांग्रेस के प्रभावशाली नेताओं में से एक थे सुधाकर

डी. सुधाकर को कर्नाटक कांग्रेस के प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता था। वे चित्रदुर्ग जिले की हिरियूर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से हुई थी। वर्ष 2004 में उन्होंने चल्लाकेरे विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया। बाद में परिसीमन के चलते चल्लाकेरे सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हो गई। इसके बाद उन्होंने हिरियूर क्षेत्र से अपनी राजनीतिक गतिविधियां जारी रखीं। उस दौरान कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया और 2008 में जीत दर्ज की। बाद में उन्होंने बी.एस. येदियुरप्पा सरकार को समर्थन दिया और सामाजिक कल्याण मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली।

Written By Toshi Shah