बच्चों और माता-पिता के बीच कभी-कभी बहस या नाराज़गी होना एक सामान्य बात है। बच्चों को सही-गलत की समझ देने और अनुशासन सिखाने के लिए कई बार उन्हें डांटना भी पड़ता है। इससे वे सीमाओं को समझते हैं, अपनी भावनाओं पर नियंत्रण करना सीखते हैं और जिम्मेदारी का एहसास विकसित होता है, लेकिन कई बार डांट या तीखी बहस बच्चों के मन पर गहरा असर छोड़ सकती है। ऐसे पलों के बाद उनके अंदर डर, उदासी, शर्म या अकेलेपन जैसी भावनाएं पैदा हो सकती हैं। इसीलिए बच्चों को अनुशासन सिखाने के साथ-साथ यह भी जरूरी है कि बाद में उनके साथ रिश्ते को फिर से सहज और भरोसेमंद बनाया जाए। बच्चों को यह महसूस होना चाहिए कि गुस्सा कुछ समय के लिए होता है, लेकिन माता-पिता का प्यार हमेशा उनके साथ रहता है।
बहस के बाद बच्चों से दूरी न बनाएं
अक्सर माता-पिता सोचते हैं कि कुछ देर चुप रहना माहौल को शांत करने के लिए बेहतर होता है, लेकिन बच्चे इस चुप्पी को अपने प्रति नाराज़गी समझ सकते हैं। इसलिए डांट के बाद उनके पास बैठना, प्यार से बात करना या हल्का स्पर्श देना उन्हें सुरक्षा और अपनापन महसूस कराता है।
बच्चों की भावनाओं को समझना जरूरी
कई बार माता-पिता अपनी बात सही साबित करने में लगे रहते हैं, जबकि बच्चे उस समय भावनात्मक सहारे की जरूरत महसूस करते हैं। अगर माता-पिता शांत रहकर यह जताएं कि वे बच्चे की भावनाओं को समझ रहे हैं, तो बच्चा जल्दी सहज हो जाता है।
इमोशनल बच्चों के साथ रहें संवेदनशील
डांट खाने के बाद बच्चे भावनात्मक रूप से परेशान हो सकते हैं। उस समय उन्हें लंबे भाषण की नहीं, बल्कि समझ और भरोसे की जरूरत होती है। यह जरूरी नहीं कि उनकी गलती को सही माना जाए, बल्कि उन्हें यह एहसास दिलाया जाए कि दुख, डर या गुस्सा महसूस करना स्वाभाविक है।
आवाज और शब्दों का असर
डांट के बाद माता-पिता का व्यवहार बहुत मायने रखता है। शांत आवाज और नरम शब्द बच्चों को यह संकेत देते हैं कि अब स्थिति सामान्य हो रही है। इससे उनके मन का डर और शर्म कम होती है और वे अपनी गलती को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं।
प्यार से मजबूत होते हैं रिश्ते
हर बहस या अनुशासन का अंत प्यार और अपनेपन के साथ होना चाहिए। अगर रिश्ता चुप्पी या तनाव पर खत्म होता है, तो बच्चे उस बोझ को लंबे समय तक महसूस कर सकते हैं। वहीं एक मुस्कान, गले लगाना या प्यार से की गई बातचीत उन्हें यह भरोसा देती है कि माता-पिता का स्नेह हमेशा उनके साथ है।
Written By Toshi Shah