Delhi Protest: CJP प्रदर्शन से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी हिरासत में, गुरुग्राम स्थित घर पहुंची पुलिस!
Dhruv Rathee News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने सेक्टर-56 स्थित उनके घर पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में लिया। हालांकि, हिरासत में लेने के कारण और उनके खिलाफ किसी कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सुबह-सुबह ध्रुव राठी के घर पहुंची पुलिस
रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस की एक टीम शनिवार सुबह गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार में ध्रुव राठी के आवास पर पहुंची थी। बताया गया है कि टीम में करीब 50 पुलिसकर्मी शामिल थे। उस समय ध्रुव राठी की मां भी घर पर मौजूद थीं। मीडिया रिपोर्ट्स में उनके हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है, लेकिन पुलिस की ओर से कार्रवाई के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है।
8 अक्टूबर को भारत पहुंचे थे ध्रुव राठी
ध्रुव राठी 8 अक्टूबर को भारत पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इस प्रदर्शन में अभिनेता-कार्यकर्ता प्रकाश राज सहित अन्य लोग भी शामिल हुए थे। इसके बाद ध्रुव राठी 9 अक्टूबर की रात दिल्ली पहुंचे। उन्होंने इंडिया गेट से एक वीडियो भी साझा किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बाद वह गुरुग्राम स्थित अपने आवास चले गए थे। शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित CJP प्रदर्शन में उनके शामिल होने की चर्चा थी।
Big breaking #CJP प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर @dhruv_rathee को गुरुग्राम उसके घर से हिरासत में लिया गया.....सुबह करीब 8 बजे लगभग 50 पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में पहुंचे थे ध्रुव राठी के घर..... #CJP #cjp_पार्टी #Jantarmanatar #CEC
— Cockroaches of India (@CJP_for_India) October 10, 2026
CJP प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा सख्त
CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है और राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। ध्रुव राठी को हिरासत में लिए जाने के दावे पर आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।