टीएनपी न्यूज़
होम / उत्तर प्रदेश चुनाव
उत्तर प्रदेश चुनाव

योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश बर्दाश्त नहीं होगी

Shailesh Yadav · 4 नवम्बर 2026
योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर तीखा हमला

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करने का आरोप लगाया। योगी ने कहा कि चुनाव हारने पर विपक्ष कभी EVM तो कभी चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगता है। यह अब उनकी आदत बन गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाल ही में दिल्ली में कांग्रेस और उसके INDI गठबंधन ने जिस तरह का अराजक माहौल बनाया, वह लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी हार स्वीकार करने के बजाय चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाता है।

SIR को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्यमंत्री ने विपक्ष के विरोध को राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि देश में SIR पहली बार नहीं हो रहा है। इससे पहले भी समय-समय पर मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण होता रहा है और कांग्रेस के शासनकाल में भी यह प्रक्रिया कई बार अपनाई गई।

योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि जब चुनाव आयोग मतदाता सूची से बांग्लादेशी घुसपैठियों, पाकिस्तानियों और मृत व्यक्तियों के नाम हटाने के लिए SIR की प्रक्रिया शुरू करता है, तो INDIA गठबंधन के नेता हंगामा करने लगते हैं। उन्होंने विपक्ष से इस रवैये के लिए देश से माफी मांगने की बात कही।

कांग्रेस और सपा की मंशा पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन में शामिल दलों का उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना नहीं, बल्कि जनता के मन में देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करना है।

उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र जिन संवैधानिक संस्थाओं पर टिका है, उनकी विश्वसनीयता कमजोर करने की किसी भी साजिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

AK शर्मा बोले- अराजकता फैलाने वाली ताकतों को हराएंगे
पदयात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' केवल एक पदयात्रा नहीं, बल्कि देश के आम नागरिकों की आवाज है। उन्होंने कहा कि अराजकता फैलाने वाली ताकतों को हराया जाएगा।

पंकज चौधरी ने विपक्ष पर युवाओं को भड़काने का लगाया आरोप
उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी विपक्षी गठबंधन पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब भी विपक्ष चुनाव हारता है, तो EVM या चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है, लेकिन दिल्ली में युवाओं को गुमराह कर प्रदर्शन के लिए उकसाया गया। चौधरी के मुताबिक, जब तक प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, तब तक सरकार ने हस्तक्षेप नहीं किया, लेकिन बाद में कुछ नेताओं ने वहां सत्ता परिवर्तन की बात कही।

उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ें काफी मजबूत हैं। भारत की तुलना बांग्लादेश, नेपाल या श्रीलंका से नहीं की जा सकती, क्योंकि यहां लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत शासन चलता है।

गोरखपुर में संगठनात्मक बैठक करेंगे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
इस बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 4 और 5 नवंबर को गोरखपुर के संगठनात्मक दौरे पर हैं। इस दौरान वह वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कई बैठकें करेंगे। आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों और रणनीति पर चर्चा की जाएगी। पदयात्रा के बाद नितिन नबीन तारामंडल स्थित एनेक्सी भवन पहुंचेंगे, जहां वह समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से संवाद करेंगे। 

और पढ़ें: