UP News: योगी आदित्यनाथ बोले- 2017 से पहले माफिया के आगे झुकते थे लोग, पुलिस थी बेबस
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को 87 इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, पुलिस सुधार और 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में लोग माफिया से परेशान थे और पुलिस भी खुद को बेबस महसूस करती थी।
बता दें कि इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के सामने लगभग हर मोर्चे पर बड़ी चुनौतियां थीं। आबादी के लिहाज से देश का सबसे बड़ा राज्य होने के बावजूद उत्तर प्रदेश अर्थव्यवस्था, भर्ती, नई तकनीक अपनाने और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पीछे था।
इतना ही नहीं उन्होंने ये भी कहा कि 2017 से पहले लोग किसी को सिर्फ यूपी वाला कहकर खारिज कर देते थे। लोग माफिया के सामने गिड़गिड़ाते और घुटने टेकते थे और पुलिस बेबस थी। आखिर जब राजनीतिक नेतृत्व में निर्णय लेने का संकल्प ही न हो तो कानून-व्यवस्था कैसे सुधर सकती है?
नीति पक्षाघात से प्रदेश को बाहर निकाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश को निराशा और नीति पक्षाघात से बाहर निकालकर विकास की दिशा में आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पुलिस सुधारों को लागू किया है और तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ाया गया है।
योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, प्रदेश के शहरों में 14 लाख से अधिक कैमरे लगाए गए हैं। प्रत्येक जिले में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे जिलों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को नई पहचान मिली है। उन्होंने 'सेफ सिटी' और ट्रैफिक व्यवस्था के तहत इंटरसेप्टर वाहनों की तैनाती को भी सरकार की उपलब्धि बताया।
बारिश और जलभराव को लेकर अजय राय ने सरकार को घेरा
उधर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय गुरुवार को गोरखपुर पहुंचे। उन्होंने बेतियाहाता में जलभराव से प्रभावित ब्यूटी पार्लर संचालिका से मुलाकात की। बताया गया कि लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश के बाद जलभराव के कारण ब्यूटी पार्लर का पूरा सामान पानी में डूब गया। अजय राय ने कहा कि गोरखपुर का पूरा क्षेत्र बारिश और जलभराव से प्रभावित है। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक ऐसे परिवार से मुलाकात की, जहां एक महिला ने अपने और परिवार के भरण-पोषण के लिए कर्ज लेकर ब्यूटी पार्लर शुरू किया था, लेकिन जलभराव के कारण उसका पूरा सामान बर्बाद हो गया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रभावित महिला को तत्काल मुआवजा देने की मांग की। साथ ही उन्होंने इस स्थिति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अजय राय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर के प्रभावित लोगों से माफी मांगनी चाहिए। इस तरह एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और पुलिस सुधारों को सरकार की उपलब्धियों के तौर पर पेश किया, वहीं दूसरी ओर अजय राय ने गोरखपुर में बारिश और जलभराव को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए।