मोहिनी बहू है या डायन? यामी गौतम की ‘नय्यी नवेली’ के ट्रेलर में छिपा डरावना राज
मुंबई : यामी गौतम धर की आगामी फिल्म ‘नय्यी नवेली’ का ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया। Amazon MGM Studios और Colour Yellow की इस फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। फिल्म की कहानी मेरठ की पृष्ठभूमि पर आधारित है और एक नवविवाहिता के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके परिवार में आने के बाद घटनाएं अचानक रहस्यमय मोड़ लेने लगती हैं।
नई बहू बनकर घर में आती हैं यामी गौतम
फिल्म में यामी गौतम मोहिनी के किरदार में नजर आएंगी। मोहिनी अवस्थी परिवार की नई बहू बनकर घर में कदम रखती है। शुरुआत में कहानी एक सामान्य नवविवाहिता और उसके नए परिवार में सामंजस्य बैठाने की लगती है, लेकिन धीरे-धीरे मोहिनी के किरदार को लेकर कई सवाल सामने आने लगते हैं।
View this post on InstagramA post shared by Amazon MGM Studios India (@amazonmgmstudiosin)
क्या मोहिनी सिर्फ परिवार की नई बहू है या उसके पीछे कोई डरावना रहस्य छिपा है? ट्रेलर इस सवाल का सीधा जवाब नहीं देता। यही फिल्म के रहस्य और रोमांच को बढ़ाता है।
फैमिली ड्रामा के साथ रहस्य और एक्शन
‘नय्यी नवेली’ के ट्रेलर में फैमिली ड्रामा, कॉमेडी, मिस्ट्री, फैंटेसी और एक्शन का मिश्रण देखने को मिलता है। यामी गौतम भी फिल्म में अपने अब तक के किरदारों से अलग अंदाज में दिखाई दे रही हैं।
यामी ने मोहिनी के किरदार के बारे में कहा कि इस भूमिका ने उन्हें अलग-अलग भावनाओं और शैलियों को एक्सप्लोर करने का मौका दिया। उनके मुताबिक, मोहिनी ऐसी महिला है, जो दर्शकों की उम्मीद के मुताबिक नहीं है। उसके व्यक्तित्व में अपनापन और गर्मजोशी है, लेकिन उसके साथ एक रहस्य भी जुड़ा हुआ है, जो धीरे-धीरे सामने आता है।
ये कलाकार भी आएंगे नजर
फिल्म में यामी गौतम के अलावा आदिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवर, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
‘नय्यी नवेली’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। इसके निर्माता आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा हैं, जबकि फिल्म का संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने दिया है।
16 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
यामी गौतम की ‘नय्यी नवेली’ 16 अक्टूबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को दशहरे से पहले सिनेमाघरों में उतारा जा रहा है।
यामी गौतम इससे पहले ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में कैमियो भूमिका में नजर आई थीं। वहीं, उन्हें फिल्म ‘आर्टिकल 370’ में उनके अभिनय के लिए इस साल अपना पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला है।
यह भी पढ़ें: मीरा राजपूत कपूर और करीना कपूर खान का Unexpected Collaboration, फैन्स रह गए हैरान!