रविवार को भी खुलेंगे सरकारी बैंक, जानें इसके पीछे की वजह
Sunday bank open news: देशभर में होने वाली 3 दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले ग्राहकों के लिए 26 और 27 सितंबर को बैंक खुलने या बंद रहने को लेकर स्थिति साफ हो गई है। जानकारी के अनुसार यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। ऐसे में लगातार छुट्टियों और हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है।
26 सितंबर को बैंक रहेंगे बंद
26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के नियमों के मुताबिक, हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंकों में अवकाश रहता है। इसलिए 26 सितंबर, शनिवार को बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इस छुट्टी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
27 सितंबर को खुलेंगे सरकारी और ग्रामीण बैंक
शनिवार के बाद 27 सितंबर को रविवार है। लगातार छुट्टियों और इसके बाद प्रस्तावित बैंक हड़ताल को देखते हुए 27 सितंबर को सरकारी बैंकों और रीजनल रूरल बैंकों (RRB) को खोलने का फैसला किया गया है। RBI की मंजूरी के बाद बैंक शाखाओं के साथ संबंधित करेंसी चेस्ट और कैश से जुड़े कार्यालय भी काम करेंगे।
28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का असर
UFBU की हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में कैश जमा या निकासी, चेक क्लियरिंग, पासबुक अपडेट, नए खाते खोलने, KYC दस्तावेज जमा करने और डिमांड ड्राफ्ट जैसे काम प्रभावित हो सकते हैं। 30 सितंबर को हाफ-ईयर क्लोजिंग होने के कारण महीने के अंत के बैंकिंग कामों पर भी असर पड़ सकता है।
डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का कर सकते हैं इस्तेमाल
ब्रांच बंद रहने के दौरान ग्राहक UPI, मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग, ATM, कैश डिपॉजिट मशीन, कार्ड पेमेंट, NEFT, RTGS और IMPS जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। Google Pay, PhonePe, Paytm और SBI YONO जैसे ऐप से भी ऑनलाइन भुगतान और फंड ट्रांसफर किया जा सकता है।
ब्रांच से जुड़े जरूरी काम के लिए ग्राहक 25 या 27 सितंबर का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, बैंक जाने से पहले अपने शहर और संबंधित बैंक की स्थानीय छुट्टी की जानकारी जरूर जांच लें।
ये भी पढ़ें: आरक्षण घोटाले को लेकर BJP दफ्तर में घुसे अभ्यर्थी, जमकर किया प्रदर्शन