देश
'नीतीश सेतु' के नामकरण पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, कहा- गुरु गोबिंद सिंह के नाम पर क्यों नहीं बना पुल?
Ajit Kumar Singh · 21 नवम्बर 2026
Nitish Setu
नई दिल्ली: बिहार में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के नामकरण को लेकर सियासी विवाद गहराता जा रहा है। पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखे जाने के फैसले पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस फैसले से सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि क्या यह फैसला सिख समुदाय की भावनाओं को कुचलने के तरीके से नहीं लिया जा रहा है?
पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखे जाने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
दरअसल, कांग्रेस के नेता पवन खेड़ा ने शनिवार को बिहार के कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स-लेन पुल का नाम बदलकर जनता दल (यूनाइटेड) के नेता नीतीश कुमार के नाम पर "नीतीश सेतु" रखने के फैसले पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि यह नाम दसवें सिख गुरु, गुरु गोबिंद सिंह के नाम पर नहीं, बल्कि जनता दल (यूनाइटेड) के नेता नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है। इस संदर्भ में पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए सवाल उठाया है कि जिस पुल का नाम सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर रखने की प्रक्रिया चल रही थी, उसका नाम बदलकर नीतीश सेतु क्यों किया जा रहा है?
नीतीश कुमार को राजनीतिक मुख्यधारा से बाहर करने की कोशिश
पवन खेड़ा ने नीतीश कुमार के जीवित रहते उनके नाम पर पुल का नामकरण किए जाने पर भी सवाल उठाया। सिक्स-लेन पुल का नाम बदलकर "नीतीश सेतु" रखने पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि BJP बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री को राजनीतिक मुख्यधारा से बाहर करने की कोशिश कर रही है। नीतीश कुमार को इतनी जल्दी राजनीतिक मुख्यधारा से बाहर क्यों किया जा रहा है? खेड़ा ने राज्य सरकार की आलोचना की और सवाल उठाया कि यह प्रक्रिया इस तरह से क्यों किया जा रहा है जिससे सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचे।
19.76 किमी लंबी 'नीतीश सेतु' का आज PM मोदी करेंगे उद्घाटन
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 21 नवंबर को बिहार के दौरे पर हैं और 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन कर इसे देश को समर्पित करने वाले हैं। गंगा नदी पर बना यह छह लेन का पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। यह पुल लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बना है। इसकी कुल लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर है, जिसमें मुख्य पुल लगभग 9.76 किलोमीटर का है और बाकी हिस्सा संपर्क मार्गों का है। इस पुल से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने, यातायात का दबाव कम होने और राघोपुर दियारा के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ेंं- राहुल गांधी के 'समझौता करने वाले PM' के तंज पर किरेन रिजिजू का पलटवार, 1962 की हार पर मांगा जवाब!