टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

BRICS Summit 2026: WHO ने भारत के स्वास्थ्य विजन को सराहा, PM Modi को दिया धन्यवाद

Pradeep Singh · 13 सितम्बर 2026
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक

नई दिल्ली: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। यह मुलाकात भारत की अध्यक्षता में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान हुई।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात 

घेब्रेयेसस और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने BRICS समिट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। WHO प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए BRICS नेताओं द्वारा संगठन को दिए गए समर्थन और नई दिल्ली घोषणा पत्र में सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज (Universal Health Coverage) के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 2026 BRICS दिल्ली शिखर सम्मेलन में गर्मजोशी से स्वागत के लिए धन्यवाद। मैं BRICS नेताओं द्वारा WHO और बहुपक्षवाद को दिए गए मजबूत समर्थन की सराहना करता हूं। घोषणा पत्र में सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज, मजबूत स्वास्थ्य प्रणालियों, महामारी समझौते के तहत रोगजनक पहुंच और लाभ-साझाकरण (PABS) समझौते, टीबी खत्म करने के प्रयासों, स्वास्थ्य कर्मियों को मजबूत करने, डिजिटल स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा के एकीकरण और Health For All की प्रतिबद्धता को शामिल किया गया है।"

नई दिल्ली घोषणा पत्र में वैश्विक स्वास्थ्य पहलों में सहयोग

नई दिल्ली घोषणा पत्र में BRICS देशों ने वैश्विक स्वास्थ्य पहलों में सहयोग बढ़ाने का स्वागत किया और मजबूत, समावेशी तथा लोगों पर केंद्रित दृष्टिकोण के जरिए Universal Health Coverage को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

BRICS देशों ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में बहुपक्षीय सहयोग को बनाए रखना और मजबूत करना जरूरी है। साथ ही वैश्विक स्वास्थ्य मामलों में विश्व स्वास्थ्य संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया गया।

BRICS देशों ने महामारी समझौते के तहत Pathogen Access and Benefit Sharing (PABS) Annex पर बातचीत को आगे बढ़ाने का समर्थन किया, ताकि एक सुरक्षित, पारदर्शी और प्रभावी वैश्विक स्वास्थ्य व्यवस्था तैयार की जा सके।

BRICS देशों ने तपेदिक (TB) को वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती बताया

चंडीगढ़ में आयोजित 16वीं BRICS स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक के बाद सदस्य देशों ने तपेदिक (TB) को एक बड़ी वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती बताया और इसके समाधान के लिए शोध, निवेश और सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

इसके अलावा BRICS देशों ने बड़े संक्रामक रोगों की रोकथाम और प्रतिक्रिया के लिए BRICS Integrated Early Warning System को आगे बढ़ाने के लिए एक विशेष उप-कार्य समूह बनाने का स्वागत किया।

यह भी पढ़ें:  चमकती दिल्ली के पीछे का सच! BRICS से पहले झुग्गियों पर पड़ा पर्दा, उठे सवाल